http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 21 दिसंबर, 2005 को 19:26 GMT तक के समाचार

एल्टन जॉन ने 'शादी' रचाई

ब्रिटेन की राजधानी लंदन के पास विंडसर में गायक एल्टन जॉन और उनके साथी डेविड फ़रनिश ने बुधवार को सिविल पार्टनरशिप की रस्म पूरी की.

इंग्लैंड और वेल्स में बुधवार से समलैंगिक साझेदारियों को वैधता मिली है.

तस्वीरों में: समलैंगिक शादियों की शुरुआत

ब्रितानी सरकार ने क़ानून में संशोधन करके हाल ही में समलैंगिक संबंधों को मान्यता दे दी है लेकिन समलैंगिक संबंधों को शादी नहीं सिविल पार्टनरशिप कहा जा रहा है.

इस लिहाज़ से 58 वर्षीय एल्टन जॉन और 43 वर्षीय डेविड फ़रनिश भी बुधवार को साझीदार बन गए.

दोनों लोग सुबह 11 बजे के निर्धारित समय से 10 मिनट पहले ही पुहँच गए थे. समारोह के बाद एल्टन जॉन और डेविड फ़रनिश बाहों में बाहें डाले फ़ोटो खिंचवाने के लिए फ़ोटोग्राफ़रों के सामने आए.

सिविल पार्टनर बनने के बाद एल्टन जॉन और उनके साथी को रोज़गार, उत्तराधिकार और पेंशन जैसे मसलों पर नए अधिकार मिल पाएँगे.

समारोह के दौरान दो युवतियों ने पुलिस कॉर्डन तोड़ दिया और एल्टन जॉन को केक भेंट किया.

स्कॉटलैंड में मंगलवार और उत्तरी आयरलैंड में सोमवार से समलैंगिक साझेदारियों को वैधता मिली है.

बुधवार को 700 समलैंगिकों ने सिविल पार्टनरशिप समारोहों में हिस्सा लिया.