शनिवार, 10 दिसंबर, 2005 को 19:41 GMT तक के समाचार
चर्चित बॉलीवुड अभिनेता सैफ़ अली ख़ान को शुक्रवार को मुंबई में एक कार दुर्घटना के सिलसिले में गिरफ़्तार किया गया और फिर ज़मानत पर रिहा कर दिया गया.
ये घटना तब हुई जब सैफ़ की कार, जिसे वे ख़ुद चला रहे थे, एक 13 वर्षीय बच्चे के साथ टकरा गई. सैफ़ पर लापरवाही से वाहन चलाने और चोट पहुँचाने का मामला दर्ज हुआ है.
उनके वकील का कहना था कि जिस लड़के से कार टकराई थी वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है.
सैफ़ मुंबई के अधेरी इलाक़े में कार चला रहे थे जब ये घटना हुई.
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार सैफ़ ख़ुद ही लड़के को पास के एक अस्पताल में ले गए और वहाँ उसका इलाज करवाया.
फिर उन्होंने लड़के के रिश्तेदारों के साथ संपर्क किया और उसके रिश्तेदारों को अस्पताल बुलाया.
सैफ़ को चार घंटे तक पुलिस हिरासत में रखा गया और फिर उनको ज़मानत मिल गई.
अब सोमवार को अदालत में मामले की सुनवाई होगी. यदि सैफ़ को दोषी पाया जाता है तो उन्हें छह महीने की क़ैद के साथ हज़ार रुपए तक का ज़ुर्माना हो सकता है.