बुधवार, 07 दिसंबर, 2005 को 17:33 GMT तक के समाचार
राजकुमारी डायना ने शादी के समय जो शाही पोशाक पहनी थी उसकी हूबहू प्रतिकृति लंदन में एक नीलामी में एक लाख पाउंड यानि लगभग 80 लाख रुपये में बिकी है.
आइवरी सिल्क से बनी असली पोशक की प्रतिकृति डेविड और एलिज़ाबेथ एमैनुएल नाम के डिज़ाइनरों ने तैयार की थी.
ये ज़िम्मेदारी मैडम तुसॉद संग्रहालय ने उनको दी थी.
पिछले एक हफ़्ते से इस पोशाक को प्रदर्शन के लिए रखा गया है और डायना के प्रशंसकों ने इसमें काफ़ी रुचि दिखाई है.
नीलामी घर के प्रमुख जॉन कॉलिंस ने कहा, "सिल्क से बनी ये ख़ूबसूरत पोशाक वाकई संग्रहित करने लायक है."
डायना की पोशाक पिछले 20 सालों से मैडम तुसॉद मोम संग्रहालय में रखी हुई थी.
राजकुमारी डायना की शादी 1981 में हुई थी.
नीलामी मे ड्रेस की रिज़र्व मूल्य 50 हज़ार पाउंड रखा गया था, और अंतत: इससे दुगुनी बोली लगाने के बाद एक अनाम व्यक्ति ने इस पर अधिकार जमाया.
विजेता बोली टेलीफ़ोन के ज़रिए लगाई गई.