http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 28 नवंबर, 2005 को 23:12 GMT तक के समाचार

अमिताभ मुंबई के अस्पताल में भर्ती

हिंदी फ़िल्मों के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अमिताभ को सोमवार को पेट में दर्द के बाद दिल्ली के एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टिट्यूट में भर्ती कराया गया था जहाँ उनकी जाँच की गई.

वहाँ से जाँच पूरी होने के बाद अमिताभ को मुंबई ले जाया गया जहाँ उनको बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दिल्ली में अस्पताल से निकलते समय अमिताभ बच्चन ने एक शॉल लपेट रखी थी और एक मंकी कैप लगाया हुआ था और वे कमज़ोर लग रहे थे.

अमिताभ बच्चन के साथ उनकी पत्नी और सांसद जया बच्चन, बेटे अभिषेक बच्चन और सांसद मित्र अमर सिंह भी मौजूद थे.

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार लीलावती अस्पताल के प्रवक्ता डॉक्टर नरेंद्र त्रिवेदी ने कहा है कि अमिताभ की जाँच की जा रही है.

जाँच

63 वर्षीय अमिताभ बच्चन अपने स्वर्गीय पिता हरिवंश राय बच्चन की जयंती के अवसर पर अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश गए हुए थे.

उन्होंने वहाँ एक समारोह में हिस्सा लिया लेकिन पेट दर्द के बाद उन्हें सोमवार सुबह साढ़े दस बजे दिल्ली के एस्कोर्ट्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया.

डॉक्टरों ने वहाँ कई घंटों तक उनकी जाँच की जिसके बाद उनको छुट्टी दे दी गई.

प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नरेश त्रेहन ने पत्रकारों को बताया,"अमिताभ पेट दर्द की शिकायत के साथ आए थे जिसके बाद हमने उनकी जाँच की. कोई गंभीर बात नहीं थी और हम उन्हें छुट्टी दे रहे हैं".

डॉक्टर त्रेहन ने बताया कि उनके ख़ून की जाँच के अलावा सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जाँच भी की गई.