http://www.bbcchindi.com

रविवार, 27 नवंबर, 2005 को 18:25 GMT तक के समाचार

मैडोना चाहती हैं कैमरे के पीछे रहना

अपनी ख़ूबसूरती और स्टेज पर अपनी अदा के कारण चर्चित पॉप स्टार मैडोना अब कैमरे के पीछे रहकर काम करना चाहती हैं यानी उनकी इच्छा है निर्देशक बनने की.

दरअसल मैडोना के पति गाइ रिची मैडोना पर एक डॉक्यूमेंट्री बना रहे हैं और इसकी शूटिंग के दौरान मैडोना अपने निर्देशक पति के कामकाज से इतनी प्रभावित हुई कि निर्देशक बनने के बारे में सोचने लगीं.

मैडोना ने कहा, "मैं निर्देशक बनना चाहूँगी. इस फ़िल्म के निर्माण से मैं बेहद प्रभावित हुई हूँ और फ़िल्म निर्माण के बारे में भी मैंने काफ़ी कुछ सीखा है. अगली बार मैं चाहूँगी कि निर्देशन का काम करूँ."

मैडोना पर बनी फ़िल्म आई एम गोइंग को टेल यू ए सीक्रेट एक दिसंबर को चैनल फ़ोर पर दिखाई जाएगी. इस समय उनका एलबम कन्फ़ेसंस ऑन ए डांस फ़्लोर ब्रिटेन में नंबर वन पर चल रहा है.

निर्देशक बनने की इच्छा के बारे में मैडोना की टिप्पणी चैनल फ़ोर पर दिए गए इंटरव्यू का हिस्सा जो अभी दिखाया जाना है.

चैनल फ़ोर के कार्यक्रम में मैडोना ने अपने दो बच्चों के बारे में भी बताया. मैडोना के दो बच्चे हैं- एक नौ वर्षीय बेटी लॉर्डेस और पाँच वर्षीय बेटा रोक्को.

अपनी बेटी लॉर्डेस के बारे में मैडोना का कहना है कि वह बहुत अच्छा गाती है. हाल ही में हैरी पॉटर की नयी फ़िल्म के प्रीमियर पर मैडोना अपनी बेटी के साथ लंदन आई थीं.