http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 26 अक्तूबर, 2005 को 15:05 GMT तक के समाचार

रहमान के घर आयकर का छापा

आयकर अधिकारियों ने बुधवार को प्रसिद्ध संगीतकार एआर रहमान और दक्षिण भारत की कई अन्य फ़िल्मी हस्तियों के घरों पर छापे मारे हैं.

समाचार एजेंसियों के अनुसार आयकर के चेन्नई स्थित विशेष दल ने इन छापों को अंजाम दिया.

एआर रहमान के अलावा संगीत निर्देशक शंकर राजा और कलाकार त्रिशा, स्नेहा, विक्रम, विजय और फ़िल्म निर्माता ऑस्कर रवीचंद्रन के घरों पर भी आयकर विभाग ने छापे मारे.

एजेंसियों का कहना है कि हाल में बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रहे कलाकार आयकर विभाग के निशाने पर रहे.

स्टार संगीतकार

भारत के स्टार संगीतकार एआर रहमान ने 50 से अधिक फ़िल्मों में संगीत दिया है और उनके संगीत के 10 करोड़ से ज़्यादा ऑडियो कैसेट और सीडी बिक चुके हैं.

भारत की पारंपरिक धुनों को पश्चिमी शास्त्रीय संगीत से मिलाने में रहमान को महारत हासिल है.

रहमान ने लंदन में एंड्रयू लॉयड वेबर की संगीत-नाटिका 'बाँबे ड्रीम्स' में भी संगीत दिया है.

उनकी लगान और रोज़ा जैसी फ़िल्मों का संगीत सुपरहिट रहा है.

रहमान के पास कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट हैं. बॉलीवुड की कई बड़ी फ़िल्में तो उनके हाथ में हैं ही.