http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 21 अक्तूबर, 2005 को 22:41 GMT तक के समाचार

अदूर फाल्के पुरस्कार से सम्मानित हुए

भारतीय राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने मलयाली फ़िल्मकार अदूर गोपालकृष्णन को भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया है.

दिल्ली में शुक्रवार को उन्होंने वर्ष 2004 के लिए घोषित राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार भी वितरित किए.

मधु भंडारकर की 'पेज 3' को सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म का पुरस्कार मिला.

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार सैफ़ अली ख़ान को 'हम तुम' में उनकी भूमिका के लिए मिला, जबकि सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला तारा को कन्नड़ फ़िल्म 'हसीना' में अभिनय के लिए.

हिंदी फ़िल्म 'वीर ज़ारा' और तमिल फ़िल्म 'ऑटोग्राफ़' को सर्वश्रेष्ठ मनोरंजन प्रधान फ़िल्म का पुरस्कार संयुक्त रूप से दिया गया है.

अदूर की पहचान

अदूर गोपालाकृष्णन को फ़िल्म निर्माण की उनकी ख़ास शैली और बहुत ही प्रभावशाली कथानक के चुनाव के लिए जाना जाता है.

अदूर ने फ़िल्म निर्माण की शुरूआत 1972 में 'स्वयंवरम' से की थी.

इसके बाद उन्होंने 'कोडियट्टम', 'इलियापत्थम', 'मुखामुखम' और 'कथापुरूषन' जैसी कई चर्चित फ़िल्में बनाई.

अदूर अपनी फ़िल्मों की पटकथा ख़ुद लिखने के लिए भी जाने जाते हैं.

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति कलाम ने फ़िल्मकारों से अपने काम के ज़रिए सकारात्मक सामाजिक संदेश फैलाने का आह्वान किया.