http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 08 जून, 2005 को 22:10 GMT तक के समाचार

एम्सटर्डम में जुटे बॉलीवुड के सितारे

बॉलीवुड के सितारे इन दिनों नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम में जुटे हैं जहाँ छठा इंटरनेशन इंडियन फ़िल्म एकेडमी अवार्ड्स या आइफ़ा पुरस्कार दिए जाएँगे.

तीन दिनों के समारोह के पहले दो दिन विभिन्न कार्यक्रम होंगे और अंतिम दिन शनिवार को आइफ़ा अवार्ड्स दिए जाएँगे.

इस बार जो फ़िल्में अवार्ड्स के लिए दावेदारी कर रही हैं उनमें शाहरूख़ ख़ान की तीन फ़िल्में- मैं हूँ ना, वीर ज़ारा और स्वदेस- शामिल हैं.

दौड़ में धूम, हम-तुम और मर्डर फ़िल्में भी शामिल हैं.

साथ ही निर्माता विधु विनोद चोपड़ा की फ़िल्म 'परिणीता' का प्रीमियर भी समारोह में ही होगा.

बांग्ला भाषा के प्रख्यात लेखक शरतचंद्र के उपन्यास पर बनी इस फ़िल्म के गाने पहले ही लोकप्रिय हो चुके हैं.

समारोह

सुपरस्टार अमिताभ बच्चन आइफ़ा फ़िल्म समारोह के दूत हैं.

उन्होंने समारोह के उद्देश्य के बारे में बताया,"आइफ़ा के माध्यम से हम ये प्रयास कर रहे हैं कि भारतीय सिनेमा को सारी दुनिया में ले जाया जाए और अन्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ फ़िल्में बनाई जाएँ".

आइफ़ा अवार्ड्स की शुरूआत सन् 2000 में हुई थी जब लंदन में पहला समारोह हुआ था.

पिछले वर्ष ये समारोह सिंगापुर में हुआ था.

पिछले समारोह में जिन 26 वर्गों में पुरस्कार दिए गए थे उसमें निर्माता करण जौहर की फ़िल्म 'कल हो ना हो' को 13 पुरस्कार मिले थे.