http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 23 जुलाई, 2004 को 15:02 GMT तक के समाचार

सबको हँसाने वाले महमूद नहीं रहे

जौहर महमूद इन गोवा, पड़ोसन, प्यार किए जा, गुमनाम, अनोखी अदा जैसी फ़िल्मों में हास्य का नया रूप पेश करने वाले अभिनेता महमूद का अमरीका में निधन हो गया है.

72 वर्ष के महमूद कुछ समय से बीमार थे और अमरीका के पेनसिल्वेनिया शहर में उनका इलाज चल रहा था. शुक्रवार को नींद में ही उन्होंने अंतिम साँस ली.

महमूद का अंतिम संस्कार भारत में ही किया जाएगा.

300 से ज़्यादा फ़िल्मों में काम करने वाले महमूद अली ने कई फ़िल्मों का निर्माण और निर्देशन भी किया.

उनकी कुछ प्रमुख फ़िल्में थीं - पड़ोसन, गुमनाम, प्यार किए जा, भूत बंगला, बॉम्बे टू गोवा, सबसे बड़ा रूपैया, पत्थर के सनम, अनोखी अदा, नीला आकाश, नील कमल, कुँवारा बाप आदि.

आईएस जौहर के साथ उनकी जोड़ी काफ़ी मशहूर हुई थी और दोनों ने जौहर महमूद इन गोवा और जौहर महमूद इन हॉंगकॉंग के नाम से फ़िल्में भी कीं.

पड़ोसन

फ़िल्म पड़ोसन महमूद के हास्य के लिए काफ़ी मशहूर हुई थी जिसमें महमूद ने सायरा बानू, किशोर कुमार और सुनील दत्त के साथ कुछ निराले ही अंदाज़ में हास्य किया था.

बीबीसी के एक साथ बातचीत में फ़िल्म अभिनेता सुनील दत्त ने महमूद के निधन पर गहरा अफ़सोस ज़ाहिर किया.

उनका कहना था कि महमूद के साथ उन्होंने बहुत सारी फ़िल्मों में काम किया और उन्हें बहुत मज़ा भी आया.

जब सुनील दत्त से पूछा गया कि वे हास्य अभिनेताओं में महमूद को किस नंबर पर रखते हैं तो उन्होंने कहा, "यह बात तो मैं ही नहीं पूरी दुनिया ने मानी है कि वे हास्य कलाकारों में अव्वल नंबर पर थे."

1968 में बनी फ़िल्म पड़ोसन का ख़ास ज़िक्र करते हुए सुनील दत्त ने कहा कि उन्होंने इस फ़िल्म पर अपने सह-कलाकारों के साथ बहुत मेहनत की और फ़िल्म की कामयाबी का सेहरा भी उनके ही सर था.

परिवार

महमूद के पिता मुमताज़ अली भी एक जाने-माने नर्तक और अभिनेता थे.

महमूद ने अभिनेत्री मीना कुमारी की बहन मधु से शादी की थी.

आठ संतानों के पिता महमूद के दूसरे बेटे मक़सूद लकी अली जाने-माने गायक और अभिनेता हैं.

निर्देशक के रूप में महमूद की अंतिम फ़िल्म थी दुश्मन दुनिया का.

1996 में बनी इस फ़िल्म में उन्होंने अपने बेटे मंज़ूर अली को पर्दे पर उतारा था.