http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 31 मई, 2004 को 16:53 GMT तक के समाचार

फिल्म के सेट पर मौत से सनसनी

मुंबई में फिल्म`बूम' से चर्चा में आए निर्देशक क़ैज़द गुस्ताद की नई फिल्म की शूटिंग के दौरान ब्रिटेन में बसी पाकिस्तानी मूल की एक युवती, नादिया ख़ान की मौत से सनसनी फैल गई है.

इस घटना के बाद फिल्म के कैमरामैन और साउंड इंजीनियर ने फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया है.

शंकर रमण और विनोद सुब्रह्मन्यम का आरोप है कि फिल्म संचालकों ने सहनिर्देशिका नादिया ख़ान की मौत के बारे में पुलिस को ग़लत जानकारी दी है.

फिल्म के संचालकों ने पुलिस को ये बयान दिया था कि नादिया की मौत एक सड़क दुर्घटना में हुई थी.

मौत का कारण

शंकर रमण और विनोद सुब्रह्मन्यम का कहना है कि नादिया की मौत उनकी आँखों के सामने 25 मई को फिल्म की शूटिंग के दौरान ट्रेन से टकराने से हुई.

सोमवार को मुंबई पुलिस ने भी पुष्टि की कि नादिया की मौत रेलवे लाईन पर शूटिंग के दौरान हुई.

पुलिस शूटिंग में शामिल सभी लोगों से पूछताछ कर रही है.

फिल्म के निर्देशक क़ैज़द गुस्ताद से संपर्क नहीं हो सका.

लाइसेंस रद्द

शंकर रमण और विनोद सुब्रमन्यम के वकील युग चौधरी ने बीबीसी को बताया कि उनके मुवक्किलों ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि जब ये हादसा हुआ तब वे सेट पर मौजूद थे.

उनका कहना है कि उन्हें ये जानकर काफी धक्का लगा कि हादसे की वजह छुपाने के पीछे ये मक़सद था कि नादिया के परिवार को मुआवज़ा न देना पड़ जाए.

उधर पश्चिमी रेलवे ने इस घटना के बाद परिसर में फिल्म की शूटिंग का लाइसेंस रद्द कर दिया है.