http://www.bbcchindi.com

अगला कॉलम मनोज का

प्रीति ज़िंटा के बाद मनोरंजन जगत से जुड़ी कई नामी हस्तियाँ बीबीसी हिंदी के पाठकों के लिए कॉलम लिखने जा रही हैं और इसमें अगला नाम मनोज बाजपेयी का है.

सत्या, अक्स, शूल, रोड और पिंजर जैसी फ़िल्मों से अभिनय का लोहा मनवा चुके मनोज बाजपेयी बॉलीवुड से जुड़े विभिन्न विषयों पर लिखेंगे.

उनके अलावा कुछ और सितारे भी मनोरंजन से जुड़े विषयों पर लिखेंगे और इस तरह हर सप्ताह पाठकों को अलग-अलग विषयों पर उनके विचार जानने का मौक़ा मिलेगा.

मनोज के अलावा कुछ और बड़े नाम भी बीबीसी ऑनलाइन के लिए लिखने वाले हैं.

उनमें प्रमुख हैं - प्रख्यात पत्रकार और मानवाधिकार कार्यकर्ता अहमद राशिद, जाने-माने आर्थिक विशेषज्ञ कौशिक बासु और मशहूर खेल लेखक और पत्रकार रोहित बृजनाथ.

अहमद पाकिस्तान में मानवाधिकार अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्रिय हैं और वह कई किताबें लिख चुके हैं.

मनोज बाजपेई और उर्मिला
मनोज और उर्मिला की जोड़ी ने पिंजर फ़िल्म में प्रमुख भूमिका निभाई

पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान मामलों पर उनकी ख़ास पकड़ है. वह दक्षिण एशिया में राजनीतिक और सुरक्षा मुद्दों पर नियमित स्तंभ लिखेंगे.

कौशिक बासु आर्थिक विषयों पर लिखेंगे. बासु अमरीका और ब्रिटेन के कई विश्वविद्यालयों में अर्थ शास्त्र पढ़ा चुके हैं.

वह शोध के सिलसिले में अनेक स्थानों पर यात्रा कर चुके हैं और की किताबें भी लिख चुके हैं.

रोहित बृजनाथ भारत के मशहूर खेल पत्रकारों और लेखकों में से एक हैं और वह खेलों पर पिछले 17 वर्षों से लिख रहे हैं.

वह ओलंपिक, एशियाई, विश्व कप क्रिकेट, टेनिस की ग्रांड स्लैम प्रतियोगिताओं के अलावा बहुत सी बड़ी खेल प्रतियोगिताओं की रिपोर्टिंग कर चुके हैं.