http://www.bbcchindi.com

रिकॉर्डों का रिकॉर्ड बनाया है चीन ने

चीन के लिए ये साल रिकॉर्डों का साल रहा है.

विश्व रिकॉर्डों की गिनीज़ बुक के ताज़ा संस्करण में चीन की 19 नई उपलब्धियों को जगह दी गई है.

चीन से जो नए विश्व रिकॉर्ड सामने आए हैं उनमें 6.8 मिलीमीटर की चायदानी और 3200 लोगों का ड्रैगन नृत्य शामिल हैं.

इस साल चीन के सबसे प्रसिद्ध प्राचीन दार्शनिक कंफ़्यूशियस को भी रिकॉर्डों की किताब में जगह दी गई है.

दरअसल कंफ़्यूशियस को उनके वंश की 86 पीढ़ियों के सदस्यों का रिकॉर्ड मौजूद होने के कारण गिनीज़ बुक में जगह मिली है.

यानी ढाई हज़ार वर्षों के दौरान कंफ़्यूशियस परिवार में पैदा होने वाले लोगों की सूची को प्रामाणिक माना गया.

राष्ट्रीय चरित्र

गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड के चीफ़ ऑपरेटिंग ऑफ़िसर एलेस्टेयर रिचर्ड्स के अनुसार चीन के रिकॉर्डों में देश के राष्ट्रीय चरित्र की झलक दिखती है.

उन्होंने बीबीसी को बताया कि चीन में ऐसे लोगों की भारी संख्या है जो अपनी उपलब्धि को प्रचारित करने में विश्वास रखते हैं.

रिचर्ड्स ने कहा, "चो शेयांग का नाम इसलिए रिकॉर्ड बुक में शामिल किया गया है कि वह बास्केटबॉल को क़रीब चार घंटे तक अपनी उंगली पर घुमाते रह सकते हैं."

दुष्कर कार्यों को अंजाम देने में चीनियों की ख़ास दिलचस्पी है.

उदाहरण के लिए लिउ जी चुन को लें जिनकी उपलब्धि ये है कि वह मोटरसाइकिल पर सवा पाँच किलोमीटर से भी ज़्यादा की दूरी तय की सीट पर खड़े होकर, यानी हैंडल को छुए बिना.

चीन से कई अटपटे रिकॉर्डों को दर्ज कराने की भी कोशिशें हुईं. मसलन हांगकांग के एक व्यक्ति ने दावा किया कि उनके पास उन्हीं के सीने की त्वचा का 32 वर्ग इंच का ऐसा हिस्सा है जो कि चीन के नक्शे जैसा दिखता है.