पंजाब पुलिस ने पंजाबी पॉप गायक दलेर मेंहदी की तलाश तेज़ कर दी है.
मंगलवार को पटियाला की अदालत ने दलेर मेहंदी की ज़मानत अर्ज़ी नामंज़ूर कर दी.
उससे पहले दिल्ली उच्च न्यायालय भी दलेर मेहंदी की अंतरिम ज़मानत अर्ज़ी पहले ही ख़ारिज कर चुका है.
पिछले महीने दिल्ली हाई कोर्ट ने दलेर मेहंदी को 10 दिन के लिए अग्रिम ज़मानत दे दी थी.
दलेर मेहंदी की अग्रिम ज़मानत की अवधि एक नवंबर को ख़त्म हो गई थी तब से वर फ़रार हैं और पुलिस उन्हें तलाश कर रही है.
उनकी तलाश में पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ और दिल्ली में छापे भी मारे हैं.
दलेर मेहंदी पर धन लेकर लोगों को ग़ैर क़ानूनी रूप से विदेश भेजने का आरोप है.
इस मामले में उनके भाई शमशेर पुलिस हिरासत में हैं.
दिल्ली हाई कोर्ट ने अग्रिम ज़मानत देने से इनकार करते हुए कहा कि दलेर अब चाहें तो और राहत के लिए पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में अपील कर सकते हैं.
पिछली बार अग्रिम ज़मानत मिलने के बाद दलेर मेहंदी पूछताछ के लिए दो दिन पटियाला पुलिस के सामने पेश हुए थे.
लेकिन पुलिस ने उन पर आरोप लगाया कि उनका रवैया सहयोगपूर्ण नहीं रहा.
हालाँकि दलेर ने स्पष्ट किया था कि उनके पास इस संबंध में जो जानकारी थी उन्होंने उसे पुलिस को बता दिया था.
दो दिन के बाद तबियत ख़राब होने की दलील देकर दलेर पुलिस के सामने फिर पेश नहीं हुए.
अब अग्रिम ज़मानत की अवधि ख़त्म होने के बाद एक बार फिर पुलिस उन्हें तलाश कर रही है लेकिन उनका कोई पता नहीं.