http://www.bbcchindi.com

दलेर मेंहदी को अग्रिम ज़मानत मिली

दिल्ली हाईकोर्ट ने मशहूर पंजाबी पॉप गायक दलेर मेंहदी की अग्रिम ज़मानत मंज़ूर कर ली है.

अदालत ने उन्हें दस दिन की अग्रिम ज़मानत दे दी है.

अब पुलिस दलेर मेंहदी को पुलिस दो नबंबर तक गिरफ़्तार नहीं कर सकेगी.

सुनवाई के बाद दलेर मेंहदी के वकील आर के जैन ने कहा कि अदालत ने दलेर मेंहदी को अपना पासपोर्ट सौंपने और पुलिस को सहयोग देने के लिए कहा है.

हाई कोर्ट ने दलेर मेंहदी को देश से बाहर जाने से पहले अदालत की अनुमति लेने को कहा है.

मामला

अब इस मामले की सुनवाई पटियाला की विशेष अदालत में होगी जहाँ दलेर मेंहदी के ख़िलाफ़

मामला दर्ज किया गया है.

दलेर मेंहदी और उनके भाई पर लोगों से पैसे लेकर लोगों को ग़ैर-क़ानूनी तरीक़े से विदेश भेजने का आरोप है.

इन आरोपों में उनके ख़िलाफ़ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है.

छापे

पंजाब पुलिस की एक टीम ने मुंबई में दलेर के घर की तलाशी ली थी.

इससे पहले उनके भाई और कई अन्य रिश्तेदारों के घर पुलिस के छापे पड़ चुके हैं.

दलेर मेंहदी के भाई के घर मारे गए छापे में कई पासपोर्ट बरामद हुए थे.

पुलिस का कहना था कि ये उन लोगों के पासपोर्ट हैं जिन्हें वे विदेश भेजना चाहते थे.

समाचार एजेंसियों के अनुसार उन्होंने मामले में अपने भाई को दोष देते हुए दलेर कह चुके हैं, "मैं निर्दोष था, निर्दोष हूँ और निर्दोष साबित होऊँगा."