देश में 40 करोड़ 35 लाख जन धन खाते, पीएम मोदी ने कहा इससे आया बदलाव- आज की बड़ी ख़बरें

प्रधानमंत्री जन धन योजना

इमेज स्रोत, PMJDY

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने बताया है कि छह साल पहले लागू हुई प्रधानमंत्री जन धन योजना में अब तक 40 करोड़ 35 लाख खाते खुले हैं जिनमें 1.3 लाख करोड़ रूपए जमा हुए हैं.

इस योजना का एलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2014 को अपने स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में किया था और उसे उसी साल 28 अगस्त को लागू किया गया था.

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को एक ट्वीट करते हुए लिखा,"आज ही के दिन, छह साल पहले, बैंकिंग व्यवस्था से नहीं जुड़े लोगों को बैंकों से जोड़ने के मक़सद से प्रधानमंत्री जनधन योजना को लागू किया गया था. ये एक बहुत बड़ा बदलाव लाने वाला प्रयास साबित हुआ, जो कई ग़रीबी उन्मूलन प्रयासों का आधार बना, जिससे करोड़ों लोगों को लाभ हुआ."

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

प्रधानमंत्री ने एक और ट्वीट में कहा कि इस योजना की वजह से बहुत सारे परिवारों का भविष्य सुरक्षित हो गया है. इसका लाभ लेने वाले लोगों का एक बहुत बड़ा तबक़ा ग्रामीण इलाक़ों से हैं और महिलाएँ हैं.

वित्त मंत्रालय के अनुसार पीएमजेडीवाई योजना के खाताधारकों में 63.6% लोग गाँवों के हैं और 55.2% खाते महिलाओं के हैं.

वित्त मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि सरकार इस योजना के खाताधारकों को अब बीमा की सुविधा भी देने की योजना बना रही है, और योग्य खाताधारियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा जिसके संबंध में बैंकों को सूचना दे दी गई है.

NEET, JEE की परीक्षाओं के ख़िलाफ़ छह राज्य सुप्रीम कोर्ट पहुंचे

जेईई-नीट की परीक्षाओं के ख़िलाफ़ छह राज्य सुप्रीम कोर्ट पहुंचे

इमेज स्रोत, Getty Images

जेईई-नीट की परीक्षाएं तय समय पर करवाने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ छह राज्यों ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की है.

17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) और जॉइंट एंट्रेंस एग्ज़ामिनेशन (JEE) सितंबर में करवाने की इजाज़त दी थी.

जिन छह राज्यों ने यह याचिका डाली है, वे ग़ैर-बीजेपी शासित हैं. ये हैं- पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पंजाब और राजस्थान.सुप्रीम कोर्ट ने 17 अगस्त को ही एक और याचिका खारिज कर दी थी जिसमें इन परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की गई थी.

सुप्रीम कोर्ट ने अपने फ़ैसले में कहा था कि 'छात्रों का एक अहम साल बर्बाद नहीं किया जा सकता' और 'ज़िंदगी चलती रहनी चाहिए.'इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी JEE की परीक्षाएं 1 सितंबर से 6 सितंबर के बीच और NEET की परीक्षा 13 सितंबर को करवाने के दिशानिर्देश जारी कर चुकी है.

सुशांत सिंह राजपूत केस: रिया चक्रवर्ती और उनके भाई से CBI की पूछताछ

रिया चक्रवर्ती

इमेज स्रोत, @Tweet2Rhea

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में सीबीआई टीम अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक चक्रवर्ती से पूछताछ कर रही है.

सीबीआई ने गुरुवार को भी शौविक चक्रवर्ती से कई घंटों तक पूछताछ की थी.अभिनेता सुशांत 14 जून को बांद्रा में अपने घर में मृत पाए गए थे. मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या बताते हुए जांच शुरू की थी.

मगर सुशांत सिंह राजपूत के परिजनों ने इस मामले में रिया चक्रवर्ती पर सुशांत को परेशान करने, पैसा हड़पने और मौत में भूमिका होने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे.

रिया इन आरोपों को ग़लत बताती हैं. बाद में सुशांत सिंह राजपूत के परिजनों ने बिहार में एक एफ़आईआर दर्ज करवाई थी जिसमें रिया चक्रवर्ती, उनके भाई और माता-पिता समेत अन्य के ख़िलाफ़ शिकायत की गई थी.

इसके बाद पिछले हफ़्ते सुप्रीम कोर्ट ने इस माले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी.मामले की पड़ताल करने दिल्ली से मुंबई पहुंची सीबीआई की टीम अब तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है.

सुशांत सिंह राजपूत के फ़्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी और मैनेजर सैमुअल मिरांडा से भी पूछताछ की गई है. प्रवर्तन निदेशालय भी रिया चक्रवर्ती और उनके परिजनों पर कथित मनी लॉन्डरिंग और फर्जीवाड़े के आरोपों की जांच कर रहा है.

ईडी ने रिया चक्रवर्ती के अलावा उनके पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती से भी पूछताछ की है.उधर, कथित तौर पर रिया के फ़ोन पर मिले व्हाट्सऐप चैट के आधार पर नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने भी पड़ताल शुरू कर दी है कि इस मामले में कहीं ड्रग्स की भूमिका तो नहीं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)