शुक्रवार, 27 फ़रवरी, 2009 को 04:32 GMT तक के समाचार
विकास शंकर
पूर्व बैंक मैनेजर
मैंने इससे पहले आपको बताया था कि किस तरह मैनेजमेंट ने मुझे इस्तीफ़ा देने पर मजबूर किया.
नौकरी छूटने के बाद मैंने सबसे पहले तो अपने मासिक खर्चों पर निगाह डाली और अपने बजट को मैनेज करने पर ज़ोर दिया.
ख़ैर, मेरे बैंक ने इतना तो किया कि इस्तीफ़ा लेने से पहले तीन महीने की सैलरी दे दी. आपसे बात कर रहा हूँ तो दो महीने निकल चुके हैं.
लेकिन वेतन से कुछ बचा कर रखा है. मैं मूल रुप से बिहार के बक्सर का रहने वाला हूँ और पिता जी रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी हैं जो पटना में रहते हैं.
घर की आर्थिक स्थिति मज़बूत है, इसमें दो राय नहीं लेकिन अब इस मोड़ पर उनसे पैसे माँगने में शर्म आती है.
एक और बड़ी चीज़ जो मेरे पक्ष में है वो है मेरा कुँवारा होना. मैं बताऊँ तो शादी के लिए दो वर्षों से कई लड़की वाले घर पर आते रहे हैं लेकिन किस्मत कहिए कि अभी तक हुई नहीं.
मुझे लगता है कि ये मरे लिए वरदान साबित हुआ है.
ज़िम्मेदारियाँ ना के बराबर हैं. दिल्ली में नॉर्थ कैंपस के इलाक़े में छोटा मकान किराए पर लिया है जिसका किराया भी ज़्यादा नहीं देना पड़ता.
फ़िलहाल एक-एक पाई बचाना ही लक्ष्य है. ऑफ़िस से तो गाड़ी मिली थी लेकिन अब पुराने ढर्रे पर लौट आया हूँ. ब्लूलाइन की सेवा लेता हूँ.
कैसे कटते हैं दिन
अभी जॉब मार्केट से जो मुझे सीख मिल रही है, उससे साफ़ पता चलता है कि माँग उसी की है जो कई विधाओं में पारंगत हो क्योंकि ज़रूरी नहीं कि आपकी विशेषज्ञता जिस विषय में है, उसी सेक्टर में नौकरी मिल जाए.
इसलिए बेरोज़गारी के इस आलम में मैंने सोचा कि क्यों न कुछ और कोर्स कर लिए जाएँ.
तो कह सकते हैं कि फिर से छात्र बन गया हूँ. चार्टर्ड फ़ाइनेंशियल एनालिस्ट (सीएफ़ए) का कोर्स कर रहा हूँ. कम ही दिनों का है.
खाली समय निकालने का सबसे बेहतर तरीका यही है कि अपना कौशल और बढ़ाया जाए.
डेढ़ महीने में मैंने भी कई इंटरव्यू दे डाले. अंतिम परिणाम कहीं से नहीं मिला है.
लेकिन पिछले कुछ दिनों में एक भारतीय निजी बैंक में मैं कई दौर का इंटरव्यू दे चुका हूँ और थोड़ी बहुत उम्मीद वहाँ दिख रही है.
सच कहूँ तो वहाँ भी नई नियुक्तियों पर रोक है लेकिन मैं जब अपने बैंक में था तभी से वहाँ जाने के लिए बात शुरु की थी जिसका फ़ायदा मुझे मिलता दिखाई दे रहा है.
मूल मंत्र
ऐसा नहीं है कि मंदी में नौकरी ढूंढ़ना नामुमकिन है लेकिन पहले की तरह आसान भी नहीं.
मैंने अनुभव किया है कि मूल मंत्र यही है कि आप जहाँ नौकरी माँगने गए हैं, वहाँ की ज़रूरत से अधिक काम करने योग्य हों.
एक बात जो हर जगह इंटरव्यू के दौरान पूछते हैं, वो ये कि आप कितने पैसे की उम्मीद कर रहे हैं.
मेरे अनुभव के मुताबिक, आज का समय ऐसे मौकों पर मौन रहने का ही है, पिछली सैलरी बताइए और बाकी सामने वाले पर छोड़ दीजिए.
मैं खुशकिस्मत हूँ कि आत्मविश्वास ने मेरा साथ कभी नहीं छोड़ा. शेयर बाज़ार तो मेरी विशेषज्ञता है और मैं नया कोर्स भी कर ही रहा हूँ, लेकिन इसके अलावा म्युचुअल फँड, बॉंड, बैंकिंग, करेंसी जैसे विषयों की जानकारी मुझे है.
शायद इसीलिए अपने ऊपर एक भरोसा है कि जब आप अगली बार मिलेंगे तब मुझे नई नौकरी मिल चुकी होगी.
(विकास शंकर की आपबीती बीबीसी संवाददाता आलोक कुमार से उनकी बातचीत पर आधारित थी.)
अगली कड़ी में मंगलवार को आप फ़राज़ ख़ान की आपबीती पढ़ पाएंगे जो पेशे से आर्किटेक्ट हैं लेकिन रियल स्टेट बाज़ार में छाई मंदी के कारण बेरोज़गार हो चुके हैं.