http://www.bbcchindi.com

रविवार, 22 फ़रवरी, 2009 को 18:51 GMT तक के समाचार

कर्ज़ के लिए एयर इंडिया का टेंडर

भारत की सरकारी एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने क़रीब पाँच हज़ार करोड़ रुपए के कर्ज़ के लिए टेंडर निकाला है ताकि विमान खरीदे जा सकें.

एयर इंडिया को अपनी ज़रुरतें पूरी करने के लिए सात विमान खरीदने हैं जिसके लिए पैसे की कमी हो गई है.

सरकार ने ये टेंडर घरेलू और वैश्विक बैंकिंग या वित्तीय संस्थाओं के लिए निकाली है.

टेंडर जारी करने वाली कंपनी नेशनल एविएशन कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसीआईएल) का कहना है कि ये कर्ज़ 12 साल के लिए होगी.

एयर इंडिया का मालिकाना हक़ अब एनएसीआईएल के पास है जो एयर इंडिया और इंडियन एयरलाइंस के विलय से बनी है.

टेंडर के अनुसार ये धनराशि राष्ट्रीय या विदेशी मुद्रा या दोनों मिलाकर जुटाए जा सकते हैं.

एयर इंडिया की योजना है कि अगले आठ महीनों में इन विमानों को हासिल किया जाए.

विमान की पहली खेप इसी साल जून महीने के आसपास आने की उम्मीद की जा रही है.

जो सात विमान लिए जाने हैं उनमें तीन बोइंग 777-200 (लॉंग रेंज) और चार बोइंग 777-300 (विस्तारित रेंज) होगा.