बुधवार, 11 फ़रवरी, 2009 को 21:30 GMT तक के समाचार
अमरीका में संसद के दोनों सदनों के बीच देश को वर्तमान आर्थिक संकट से उबारने की दिशा में प्रस्तावित एक आर्थिक पैकेज पर सहमति बन गई है.
आर्थिक पैकेज अमरीका के वर्तमान राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से सुझाया गया था. माना जा रहा है कि गुरुवार को इसपर मतदान हो जाएगा.
शुरुआत में इस पैकेज को लेकर स्थितियाँ कुछ विरोधाभास वाली थीं और संसद के दोनों सदनों में इसकी कुल राशि को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी.
पर अब संसद के दोनों सदनों में इसपर एक सहमति बन गई है. अंतिम प्रारूप में 789 अरब अमरीकी डॉलर के प्रोत्साहन पैकेज पर सहमति बनी है.
डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद हैरी रीड ने इस बाबत बताया कि पैकेज के लागू होने के बाद अमरीका में 35 लाख लोगों को काम मिलने की संभावना बन सकती है.
इससे पहले राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस प्रस्ताव में हो रही देरी को देखते हुए अमरीकी सांसदों और प्रतिनिधि सभा के सदस्यों पर इसे शीघ्र सहमति देने के लिए दबाव भी बनाया था.
बराक ओबामा चाहते थे कि इस पैकेज पर जल्द से जल्द सहमति बन जाए ताकि प्रस्ताव को इसी सप्ताह के अंत तक उनके समक्ष हस्ताक्षर के लिए लाया जा सके.
राष्ट्रपति ओबामा ने सोमवार को कहा था कि इससे बाज़ार में विश्वास बहाल करने में मदद मिलेगी.
उन्होंने कहा था कि कर्ज़ न मिलने का संकट वास्तविक है और अभी ये ख़त्म नहीं हुआ है.