http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 09 फ़रवरी, 2009 को 15:48 GMT तक के समाचार

विकास दर 7.1 प्रतिशत रहने का अनुमान

दुनिया में छाई आर्थिक मंदी के बीच भारत सरकार की ओर से जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2008-09 में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर 7.1 प्रतिशत होने का अनुमान लगाया गया है.

वर्ष 2007-08 में भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की विकास दर नौ प्रतिशत थी.

यह जानकारी सोमवार को केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) के आँकड़ों पर आधारित है.

हालांकि आर्थिक विकास दर में कमी आई है लेकिन प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार पैनल ने जो अनुमान लगाया था यह उसके क़रीब है.

कृषि के क्षेत्र में विकास दर वर्ष 2008-09 में 2.6 प्रतिशत ही रह गई है जबकि वर्ष 2007-08 में यह 4.9 प्रतिशत थी. इसी तरह से निर्माण क्षेत्र की विकास दर 4.1 प्रतिशत रहेगी जबकि जबकि वर्ष 2007-08 में यह 8.2 प्रतिशत थी.

आर्थिक मंदी का असर जहाँ निर्माण, कृषि और वित्तीय सेवा क्षेत्रों पर पड़ेगा वहीं व्यापार और होटल के साथ साथ खनन क्षेत्रों में वृद्धि होने की संभावना जताई गई है.

योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि अगले वित्तीय वर्ष के दौरान विकास दर कम रहेगी या नहीं यह वित्तीय सहायता के जारी रहने और अर्थव्यव्यवस्था में सुधार पर निर्भर करेगा.