http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 17 जनवरी, 2009 को 13:44 GMT तक के समाचार

राजू पुलिस हिरासत में भेजे गए

हैदराबाद की एक स्थानीय अदालत ने शनिवार को सत्यम कंप्यूटर्स के पूर्व चेयरमैन बी रामलिंगा राजू, उनके भाई रामा राजू और मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफ़ओ) वी श्रीनिवास को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

राज्य की सीआईडी पुलिस ने आगे की पड़ताल के लिए इन सभी को सात दिन की हिरासत पर माँगा था.

राजू बंधुओं को नौ जनवरी को ग़िरफ़्तार किया गया था. पिछले शनिवार से दोनों न्यायिक हिरासत में थे.

श्रीनिवास को दस जनवरी को ग़िरफ़्तार किया गया था. उन्हें भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया था.

पुलिस राजू बंधुओं से शुरुआती पूछताछ कर चुकी है लेकिन आगे की जाँच के लिए उसने और अधिक समय की माँग की थी.

सीआईडी पहले ही राजू बंधुओं के घर और कार्यालय की तलाशी ले चुकी है. पुलिस ने कम से कम 44 दस्तावेज़ बरामद भी किए हैं.

इससे पहले बी रामालिंगा राजू ने कंपनी के खाते में 7000 करोड़ रुपए से ज़्यादा के घपले की बात स्वीकार करते हुए अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

इस बीच, मुंबई में भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सत्यम कंप्यूटर्स मामले को भारत की कार्पोरेट छवि पर धब्बा बताया और कहा कि घोटाले की तह तक जाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.