सोमवार, 12 जनवरी, 2009 को 14:14 GMT तक के समाचार
सत्यम कंपनी के नव गठित बोर्ड के सदस्य दीपक पारेख ने कहा है कि सरकार जल्द ही बोर्ड में नए निदेशक नियुक्त करेगी और पूरा बोर्ड मिलकर नए चेयरमैन का चयन करेगा.
साथ ही उन्होंने कहा कि 48 घंटों के अंदर स्वतंत्र ऑडिट कंपनी नियुक्त की जाएगी.
सत्यम के तीन सदस्यीय नए बोर्ड की सोमवार को बैठक हुई जिसके बाद दीपक पारेख ने पत्रकारों से बातचीत की.
दीपक पारेख ने कहा, "नकदी संकट को सुलझाए जाने की ज़रूरत है. लेकिन अभी ये तय नहीं हुआ है कि कितना पैसा चाहिए होगा. 48 घंटों के अंदर स्वतंत्र ऑडिट फ़र्म को नियुक्त किया जाएगा."
भारत सरकार ने सत्यम कंप्यूटर्स में अनियमितताओं के ख़िलाफ कार्रवाई के बाद कंपनी को चलाने के लिए नए बोर्ड की घोषणा की थी. नए बोर्ड में किरन कार्निक, और सेबी के पूर्व सदस्य वी अच्युतन को भी शामिल किया गया है.
भरोसा हासिल करना होगा
ये पूछे जाने पर कि क्या बहुराष्ट्रीय लेखा कंपी प्राइसवॉटरहाउस कूपर के ख़िलाफ़ कानूनी क़दम उठाए जाएँगे तो दीपक पारेख ने कहा कि जाँच चल रही है और अभी इस पर टिप्पणी करना जल्दबाज़ी होगी.
पारेख ने कहा कि स्वतंत्र ऑडिट कंपनी का चयन करने के लिए बोर्ड दो कंपनियों से बात कर रहा है लेकिन उन्होंने नाम नहीं बताए.
उनका कहना था, "नए सीईओ और मुख्य वित्तीय अधिकारी को नियुक्त किए जाने की ज़रूरत है. हमारे दिमाग़ में अभी किसी उम्मीदवार का नाम नहीं है. 24 घंटे के अंदर कोई भी पद स्वीकार करना नहीं चाहता."
दीपक पारेख ने कहा कि सबसे बड़ा काम उपभोक्ताओं, कर्मचारियों और निवेशकों का भरोसा वापस हासिल करना है.
बोर्ड के सदस्य वी अच्युतन का कहना था कि बोर्ड ने कंपनी के ख़िलाफ़ किसी क़ानूनी मुकदमे को लेकर किसी तरह की छूट की माँग नहीं की है.
इस बीच सत्यम के शेयरों में सोमवार को उछाल देखा गया. सत्यम के शेयर 44 फ़ीसदी के उछाल के साथ 34.40 रुपए पर पहुँच गए.