शनिवार, 20 दिसंबर, 2008 को 03:00 GMT तक के समाचार
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने संकटग्रस्त अमरीकी कार कंपनियों को अल्पकालिक वित्तीय सहायता देने के बुश प्रशासन के कदम का स्वागत किया है.
लेकिन उन्होंने चेतावनी भी दी है कि क्योंकि कार कंपनियों को अब ये मौका दिया जा रहा है, इसलिए उन्हें इसे गँवाना नहीं चाहिए.
बुश प्रशासन ने जनरल मोटर्स और क्राइसरल कंपनियों को लगभग 17 अरब डॉलर की आपाद मदद देने की घोषणा की है. दोनों ही कंपनियों की कार की बिक्री में भारी कमी आई है और वे वित्तीय संकट से जूझ रही हैं.
फ़ोर्ड कंपनी ने कहा है कि फ़िलहाल वह वित्तीय मदद के बिना ही काम चलाना चाहती है.
'दीर्घकालिक बदलाव करें'
इस मदद के साथ ये शर्त भी रखी गई है कि कंपनियाँ अपना पूरा ढांचा बदलें.
ओबामा का कहना है कि कंपनियों को इस मौके का फ़ायदा बुरी प्रबंधन तकनीकों में सुधार लाकर करना चाहिए ताकि परिवर्तनों के साथ उद्योग और इस पर निर्भर लाखों नौकरियों के बचाया जा सके.
उनका कहना था कि कंपनियों को दीर्घकालिक बदलाव और भविष्य में ईंधन बचाने वाले वाहन बनाने के लिए इस धन का इस्तेमाल करना चाहिए.
कार कंपनियों को ये आर्थिक मदद बुश प्रशासन के 700 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज में से दी जाएगी.
ग़ौरतलब है कि अगले साल 31 मार्च तक इन कंपनियों को अपनी प्रबंधन योजनाएँ बनाकर सक्षम हो जाना पड़ेगा.
पिछले सप्ताह कार कंपनियों को संकट से निकालने का 14 अरब डॉलर का पैकेज सीनेट में पारित नहीं हो पाया था.