मंगलवार, 09 दिसंबर, 2008 को 12:29 GMT तक के समाचार
इलेक्ट्रॉनिक सामानों की कंपनी सोनी ने आठ हज़ार कर्मचारियों की छँटनी और अपनी 10 प्रतिशत औद्योगिक इकाइयों को बंद करने की घोषणा की है.
कंपनी का कहना है कि वर्ष 2010 के अप्रैल महीने तक लोगों की छँटनी होगी. हालांकि कंपनी ने इस बात की जानकारी नहीं दी है कि किस देश के कर्मचारियों पर यह गाज गिरेगी.
सोनी का कहना है कि आर्थिक मंदी की वजह से कंपनी कम उत्पादन करने की कोशिश कर रही है.
जुलाई और सितंबर के बीच जापान की अर्थव्यवस्था में उम्मीद से कहीं अधिक गिरावट के बाद सोनी ने इस बात की घोषणा की है.
अगले वित्तीय वर्ष तक सोनी ने कंपनी की लागत में 1.1 अरब डॉलर तक की बचत करने का लक्ष्य रखा है.
सोनी ने अपनी 57 औद्योगिक इकाइयों में से 10 प्रतिशत इकाइयों को बंद करने का निर्णय लिया है.
सोनी कंपनी में एक मैनेजर कातसुहिको मोरी ने कहा, "यह आँकड़ा बड़ा लगता है लेकिन कर्मचारियों की छँटनी ज़्यादा नहीं होगी."