http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 05 दिसंबर, 2008 को 03:19 GMT तक के समाचार

हाथ फैलाए कार निर्माता सीनेट पहुँचे

अमरीका की तीन बड़ी कार कंपनियाँ सरकार से राहत पैकेज की उम्मीद लिए सीनेट के समक्ष पहुँची हैं लेकिन कई घंटे की बातचीत के बात कोई सहमति नहीं बन पाई है.

अमरीकी कार निर्माता फ़ोर्ड, क्राइसलर और जेनरल मोटर्स ने अमरीकी कांग्रेस के समक्ष 25 अरब डॉलर के सरकारी कर्ज़ की पेशकश की थी.

'हर क्षेत्र प्रभावित होगा'

लेकिन कार कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों का कहना है कि यदि कंपनियों को बचाना है तो उन्हें 34 अबर डॉलर की ज़रूरत होगी. तीनों कंपनियों की कार बिक्री में भारी गिरावट आई है.

सीनेट की बैंकिंग समिति के अध्यक्ष डेमोक्रेट क्रिस्टोफ़र डौड ने कहा है कि यदि कार कंपनियाँ फ़ेल हो जाती हैं तो इसे अर्थव्यवस्था का हर क्षेत्र प्रभावित होगा.

बीबीसी के वॉशिंगटन संवाददाता का कहना है कि कई सीनेटरों को कार कंपनियों की योजनाओं और मुख्य कार्यकारियों के इन्हें लागू कर पाने के बारे में संदेह है.

बुश को भरोसा नहीं

शुक्रवार को ये मामला प्रतिनिधि सभा यानी हाउस ऑफ़ रेप्रेज़ेंटेटिव्स के पास पहुँचेगा.

उधर राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने कहा है, "कार कंपनियाँ हमारी अर्थव्यवस्था के लिए कितनी भी महत्वपूर्ण हों लेकिन हम नहीं चाहते कि घाटे के सौदे को ठीक करते करते हम और पैसा इसमें डुबो दें."

उन्होंने कहा है कि कार कंपनियों को ये साबित करना होगा कि आगे चल कर ये कंपनियाँ मुनाफ़ा कमा सकती हैं.

फ़ोर्ड, क्राइसलर और जेनरल मोटर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों ने पेशकश की थी कि यदि कार कंपनियों के लिए राहत पैकेज की घोषणा होती है तो वे एक डॉलर वार्षिक वेतन पर काम करने के लिए तैयार हैं.