http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 29 अक्तूबर, 2008 को 08:56 GMT तक के समाचार

दीवाली के बाद शेयर बाज़ार सँभले

अमरीकी शेयर बाज़ारों के सँभलने के बाद दुनिया भर के शेयर बाज़ारों में कुछ सुधार देखा जा रहा है. बुधवार की सुबह एशियाई बाज़रों में शुरूआती कारोबार में कुछ उछाल देखा गया है.

बुधवार की सुबह बांबे शेयर बाज़ार का संवेदी सूचकांक 3.2 प्रतिशत की उछाल के साथ खुला, जबकि निफ़्टी में भी 2.23 प्रतिशत बढ़त देखी गई.

बांबे शेयर बाज़ार में बीएचईएल, आइसीआईसीआई बैंक, मारुति, हिंदुस्तान लीवर के शेयरों में बढ़ोतरी हुई है जबकि डीएलएफ़ और टाटा मोटर्स के शेयरों में कमी दर्ज हुई.

जापान में भी सुधार

उधर जापान के निक्केइ सूचकांक में भी बुधवार को उछाल देखा गया है. निक्केइ के शेयरों ने 6.4 प्रतिशत की छलांग लगाई है.

दक्षिण कोरिया के शेयर बाज़ारों में भी सात प्रतिशत से ज़्यादा उछाल देखा गया है.

मंगलवार को जापान का निक्केइ सूचकांक छह प्रतिशत ऊपर जाकर बंद हुआ था. जापान का शेयर बाज़ार दो दिन पहले 26 वर्षों के न्यूनतम स्तर चला गया था.

ग़ौरतलब है कि मंगलवार को अमरीका में न्यूयॉर्क का डाउ जोंस सूचकांक दस प्रतिशत से ऊपर जाकर बंद हुआ था जिसका असर पूरी दुनिया के बाज़ारों पर हुआ है.

मंगलवार को लंदन, पेरिस और फ़्रैंकफ़र्ट के बाज़ारों में भी सुधार देखा गया था.