सोमवार, 27 अक्तूबर, 2008 को 08:32 GMT तक के समाचार
भारत के शेयर बाज़ार में सोमवार को एक बार फिर गिरावट हुई है. एक समय बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सूचकांक 8000 से नीचे चला गया था लेकिन फिर संभल गया.
सोमवार को शेयर बाज़ार बंद होने के समय सेंसेक्स में क़रीब 191 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और वह 8509.56 अंकों पर जा कर बंद हुआ. बाज़ार बंद होने से पहले काफ़ी उतार चढ़ाव देखा गया.
बाज़ार बंद होने के समय नेशनल स्टॉक एक्सचेंज निफ़्टी में भी 59.80 अंकों की गिरावट देखी गई.
शुक्रवार को सेंसेक्स 1070.63 अंकों की गिरावट के साथ 8701.07 पर बंद हुआ था और आशंका व्यक्त की जा रही थी कि बाज़ार 8000 के नीचे भी जा सकता है.
जापान सहित एशिया के अन्य शेयर बाज़ारों में भी गिरावट देखी गई है.
हालांकि रियलिटी सेक्टर में कम क़ीमत पर शेयर होने की वजह से ज़बरदस्त ख़रीददारी देखी गई.
बैंकिग क्षेत्रों में बिकवाली के दबाव में काफ़ी नुक़सान उठाना पड़ा है.