मंगलवार, 14 अक्तूबर, 2008 को 05:47 GMT तक के समाचार
भारतीय शेयर बाज़ारों में मंगलवार को फिर तेज़ी का रुख़ नज़र आया.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक मंगलवार को लगभग 542 अंक ऊपर खुला और वह 11851 के स्तर पर था.
दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ़्टी में भी 157 अंकों की बढ़त देखी गई और वह 3648 के आंकड़े पर था.
माना जा रहा है कि दुनिया भर में वित्तीय संकट से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों का असर अब शेयर बाज़ारों पर दिखने लगा है.
अमरीकी सरकार के प्रयासों के बाद वॉल स्ट्रीट का मुख्य सूचकांक डाओ जोंस में भी सोमवार को आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई.
एशिया और यूरोप के बाज़ारों में भी बढ़ोतरी दर्ज़ की गई थी.
चिदंबरम आगे आए
इसके पहले वित्त मंत्री पी चिदंबरम के आश्वासन के बाद सोमवार को शेयर बाज़ार की हालत में सुधार हुआ था.
सेंसेक्स कई दिनों की गिरावट के बाद 808 अंकों की उछाल के साथ 11336 के आंकड़े पर बंद हुआ था.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक निफ़्टी में भी बढ़त देखी गई थी और वह 225 अंकों की बढ़त के साथ 3505 पर बंद हुआ था.
इससे पहले वित्त मंत्री पी चिदंबरम दोहराया था कि बाज़ार में धन की कमी नही होने दी जाएगी.
साथ ही निवेशकों से आग्रह किया था कि वो जल्दबाज़ी में कोई फ़ैसले न करें.
वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया था कि निवेशकों का विश्वास बढ़ाने के लिए जल्द ही कुछ घोषणाएं की जाएँगी.
उल्लेखनीय है कि पिछले नौ महीनों में सेंसेक्स 21 हज़ार के स्तर से घटकर 11 हज़ार के आसपास पहुंच गया है.