सोमवार, 13 अक्तूबर, 2008 को 14:56 GMT तक के समाचार
जाने माने अमरीकी अर्थशास्त्री पॉल क्रूगमैन को अर्थशास्त्र के लिए वर्ष 2008 का नोबेल पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है.
स्वीडन की नोबेल पुरस्कार समिति ने कहा कि यह पुरस्कार क्रूगमैन के वाणिज्यिक पैटर्न और आर्थिक गतिविधियाँ जहाँ आकार लेती है, उसके विश्लेषण में योगदान को रेखांकित करता है.
अमरीका के प्रिंसटन विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर, 55 वर्षीय क्रूगमैन ने मुक्त व्यापार और भूमंडलीकरण के संबंध में उठने वाले सवालों के जवाबों को लेकर नए सिद्धाँत दिए हैं.
क्रूगमैन ने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि 14 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि से उनके जीवन में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा.
उन्होंने कहा, "मैं आशा करता हूँ कि इस पुरस्कार की वजह से नोबेल पुरस्कार वितरण समारोह को छोड़ कर, अनचाहे समारोहों में मुझे नहीं जाना पड़ेगा."
प्रिंसटन विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के प्रोफ़ेसर क्रूगमैन न्यूयॉर्क टाइम्स अख़बार में नियमित कॉलम भी लिखते हैं.
वे अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की नीतियों के आलोचक रहे हैं. उनका मानना है कि वर्तमान आर्थिक बदहाली के लिए बुश प्रशासन की नीतियाँ ज़िम्मेदार हैं.
'कम भयभीत'
नोबेल पुरस्कार समिति के निर्णायक मंडल के सदस्यों का कहना है कि मुक्त व्यापार, भूमंडलीकरण के प्रभावों और दुनिया में शहरीकरण के पीछे काम कर रही शक्तियों के विश्लेषण में क्रूगमैन का दिया सिद्धांत कारगर है.
अकादमी ने अपनी प्रशस्ति में कहा, "इस तरह से उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और आर्थिक भूगोल जैसे विषयों को एक साथ विश्लेषित किया है."
क्रूगमैन का आर्थिक विश्लेषण 'इकॉनामिज़ ऑफ़ स्केल' सिद्धांत पर आधारित है. इस सिद्धांत के तहत लंबे समय के बाद कम लागत पर अधिक वस्तुओं और सेवा का उत्पादन किया जा सकता है.
पुरस्कार की घोषणा के बाद क्रूगमैन ने कहा, "एशिया में 90 के दशक में जैसी आर्थिक मंदी आई थी वैसी ही स्थिति आज हम देख रहे हैं. 1930 की आर्थिक मंदी से इसकी कुछ समानताएँ हैं."
हालांकि उन्होंने कहा कि वे शुक्रवार की तुलना में आज कम भयभीत हैं.
उल्लेखनीय है कि अल्फ़्रेड नोबेल की याद में स्वीडिश सेंट्रल बैंक ने अर्थशास्त्र के क्षेत्र में वर्ष 1968 से नोबेल पुरस्कार दिया जाना शुरु किया था.