http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 16 सितंबर, 2008 को 04:26 GMT तक के समाचार

तेल की क़ीमत सौ डॉलर से नीचे

दुनिया भर के बाज़ारों में तेल की क़ीमतों में पाँच डॉलर प्रति बैरल से अधिक की कमी आई है जिसके चलते छह महीने में पहली बार क़ीमतें सौ डॉलर से नीचें पहुँच गई हैं.

अमरीका की शीर्ष निवेश बैंकों में से एक लीमैन ब्रदर्स के दिवालिया होने के साथ ही अमरीकी बाज़ारों में तेल की क़ीमतों में 5.47 डॉलर प्रति बैरल की कमी आई और वह 95.71 प्रति बैरल तक जा पहुँचा.

लंदन के बाज़ार में भी भारी गिरावट आई और 5.20 की कमी के साथ वहाँ कच्चा तेल 92.38 डॉलर प्रति बैरल की दर से बिका.

विश्लेषकों का कहना है कि तूफ़ान आइक से रिफ़ाइनरियों को वैसा नुक़सान नहीं हुआ जैसा कि अनुमान लगाया जा रहा था इसके चलते भी तेल की क़ीमतों में गिरावट आई है.

लीमैन ब्रदर्स के दिवालिया होने के बाद अमरीका से ख़बर आई है कि मेरिल लिंच को बैंक ऑफ़ अमरीका ने ख़रीद लिया है. इन घटनाक्रमों के व्यापक वैश्विक असर के आसार दिखाई पड़ रहे हैं.

सोमवार के इस घटनाक्रम के बाद मंगलवार को एशियाई पूंजी बाज़ार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है.

ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में भी शेयर बाज़ार नीचे गिरे हैं लेकिन उनकी गिरावट एशियाई बाज़ारों की तुलना में कम है.

भारतीय शेयर बाज़ार में भी गिरावट का रुख़ क़ायम है.