बुधवार, 06 अगस्त, 2008 को 07:40 GMT तक के समाचार
अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमतों में नरमी के संकेत से मुंबई शेयर बाज़ार का संवेदी सूचकांक यानी सेंसेक्स 15 हज़ार को पार कर गया है.
इससे पहले पिछले साल छह जुलाई को सेंसेक्स 15 हज़ार के ऊपर गया था और साल के अंत तक सेंसेक्स 20 हज़ार के आँकडे को पार कर गया था.
वैश्विक रुझान को देखते हुए बुधवार को शेयर बाज़ार में जमकर ख़रीदारी हुई जिसके कारण सेंसेक्स 425 अंक की बढ़त के साथ 15 हज़ार से ऊपर चला गया.
मंगलवार को भी इसमें 383 अंकों की बढ़त दर्ज की गई थी.
इसी तरह से नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, निफ़्टी भी 111 अंक चढ़कर 4614 पर पहुँच गया है.
बाज़ार के जानकारों का कहना है कि अमरीका और एशिया के शेयर बाज़ारों में आई उछाल का भारत में भी असर दिखा है.
उनका कहना है कि कच्चे तेल की क़ीमतों में नरमी के संकेतों से ख़रीदारों में निवेश करने का भरोसा लौट आया है.