http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 27 जून, 2008 को 12:51 GMT तक के समाचार

शेयर बाज़ार पर भी महंगाई की मार

भारत में लगातार बढ़ती महंगाई का असर शेयर बाज़ार पर भी दिखने लगा है.

शुक्रवार को मुद्रा स्फ़ीति की दर बढ़कर 11.42 के स्तर तक पहुँच गई. शेयर बाज़ार पर इस ख़बर का उलटा असर पड़ा है.

शुक्रवार को मुंबई शेयर बाज़ार में 619 अंकों की गिरावट आई और सूचकांक 14 हज़ार के नीचे पहुँच गया. दिन का कारोबार ख़त्म होने पर सूचकांक 13,802 अंक पर बंद हुआ.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में भी गिरावट का दौर देखा गया. निफ़्टी 179 अंक गिरकर 4136 पर बंद हुआ. निफ़्टी में ये गिरावट चार प्रतिशत की रही.

असर

मुद्री स्फ़ीति के बढ़ने की ख़बर से बाज़ार में बिकवाली का दौर शुरू हो गया. साथ की तेल की बढ़ती क़ीमतें और अंतरराष्ट्रीय बाज़ार की ख़राब स्थिति ने भी बाज़ार पर असर डाला.

शेयर बाज़ार में शुरुआत गिरावट से ही हुई लेकिन दोपहर के कारोबार में बाज़ार थोड़ा संभला और आख़िरकार 619 अंक नीचे गिरकर ही बंद हुआ.

अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की बढ़ती क़ीमत की ख़बर ने भी बाज़ार पर नकारात्मक असर डाला. अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की क़ीमत 141.71 डॉलर प्रति बैरल के रिकॉर्ड स्तर तक पहुँच गई है.

शुक्रवार के कारोबार में सबसे ज़्यादा नुक़सान टाटा मोटर्स को हुआ. इसके शेयर की क़ीमत आठ फ़ीसदी गिरकर 449 रुपए तक पहुँच गई.