http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 10 अप्रैल, 2008 को 07:11 GMT तक के समाचार

आपूर्ति की कमी से तेल रिकॉर्ड महंगा

न्यूयॉर्क में कच्चे तेल की क़ीमतें 112 डॉलर प्रति बैरल की रिकॉर्ड ऊँचाई तक जा पहुँचीं है.

अमरीका सरकार की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि तेल की आपूर्ति में आई अनपेक्षित कमी आ गई है.

बुधवार को अमरीका में कच्चे तेल की क़ीमतों में चार डॉलर प्रति बैरल का उछाल आया और यह 112.21 डॉलर प्रति बैरल तक पहुँच गया.

इससे पहले लंदन में तेल की क़ीमतों में 1.9 डॉलर की तेज़ी आई और क़ीमतें 108.28 डॉलर प्रति डॉलर तक जा पहुँची.

तेल की क़ीमतों में बढ़ोत्तरी का एक कारण यह भी है कि कमज़ोर होते डॉलर के चलते निवेशकों ने तेल की बजाय खुदरा बाज़ार में निवेश करने में रुचि दिखाई है.

स्टॉक की चिंता

व्यावसायियों को अमरीकी रिपोर्ट से आश्चर्य हुआ है जिसमें कहा गया है कि पिछले एक हफ़्ते में कच्चे तेल के स्टॉक में 32 लाख बैरल की कमी आई है.

यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब कि विश्लेषक 24 लाख बैरल की बढ़ोत्तरी की उम्मीद कर रहे थे.

कच्चे तेल में स्टॉक में कमी की रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जबकि अमरीका में गर्मियों में घूमने का मौसम शुरु हो रहा है और इस समय वहाँ तेल की माँग बढ़ जाती है.

आमतौर पर मई के अंत में अमरीकी अपनी कारों से छुट्टी मनाने निकल पड़ते हैं.

विश्लेषकों का कहना है कि तेल की क़ीमतों में अगर बढ़ोत्तरी होती है तो इसका मतलब यह होगा कि लोग अपनी कारों में कम ईंधन डलवाएँगे.