सोमवार, 03 मार्च, 2008 को 09:47 GMT तक के समाचार
अमरीकी बाज़ार में मंदी का असर भारतीय शेयर बाज़ार पर भी पड़ा है और सोमवार को बंबई शेयर बाज़ार क़रीब साढे आठ सौ अंक नीचे चला गया है.
दिन में जब बाज़ार खुला उसी समय से मार्केट में गिरावट आनी शुरु हुई और दोपहर में बाज़ार साढे छह सौ अंक तक गिर चुका था.
पिछले तीन हफ्तों में शेयर बाज़ार में आई यह सबसे बड़ी गिरावट है जिसके साथ ही मार्केट अब 17000 से नीचे चला गया है.
जब सुबह कारोबार शुरु हुआ तो बाज़ार 17157 पर था और शाम तक यह 16702 अंक तक पहुंच गया था.
इसी तरह की गिरावट नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में भी देखने को मिली है जहां सेंसेक्स में 200 से 300 अंक की गिरावट आई है.
शेयर मार्केट में आई गिरावट के बारे में पूछे जाने पर वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने केवल इतना कहा कि ये अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है और विश्व बाज़ार में जो हो रहा है उसका असर भारतीय बाज़ार पर दिख रहा है.
सोमवार को अमरीकी बाज़ार में मंदी की ख़बरों के बीच एशिया के कई शेयर बाज़ारों में गिरावट दर्ज की गई है.