मंगलवार, 26 फ़रवरी, 2008 को 11:09 GMT तक के समाचार
उद्योग जगत ने रेल बजट में माल भाड़ा कम करने के लिए रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की तारीफ़ की है और कहा है कि इससे महँगाई नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.
वाणिज्य और उद्योग संगठन एसोचैम के अध्यक्ष वेणुगोपाल धूत ने रेल बजट को व्यावहारिक, विकासोन्मुखी और दूरदर्शी बताया है.
एसोचैम के अलावा फिक्की और सीआईआई ने पेट्रोल और डीज़ल पर माल भाड़े में पाँच प्रतिशत की कटौती का स्वागत किया है.
रेल मंत्री ने अगले वित्त वर्ष में 85 करोड़ टन माल ढुलाई का लक्ष्य रखा है. उद्योग संगठनों का कहना है कि माल भाड़े में कमी से रेलवे का कारोबार बढ़ेगा.
सीआईआई के अध्यक्ष सुनील मित्तल ने कहा है कि रेल बजट की घोषणाओं से बुनियादी संरचना को मज़बूत बनाने में मदद मिलेगी.
उन्होंने मालगाड़ियों के लिए अलग ट्रैक बनाने का काम तेज़ करने और यात्री सुविधाएँ बढ़ाने के फ़ैसले का स्वागत किया.
सुनील मित्तल ने कहा कि इन फ़ैसलों से भारतीय रेलवे को विश्वस्तरीय बनाने में मदद मिलेगी.
सीआईआई ने रेलवे के विकास और नई परियोजनाओं में निजी क्षेत्र से साझीदारी करने की पहल को भी उचित बताया है और उम्मीद जताई कि इससे नई परियोजनाएँ जल्दी पूरी होंगी.