सोमवार, 11 फ़रवरी, 2008 को 07:34 GMT तक के समाचार
भारत के प्रमुख शेयर बाज़ार का तीस शेयरों का सूचकांक सोमवार को भी बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ है.
सेंसेक्स में सोमवार को कारोबार बंद होने के समय 833 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, बाज़ार 16630 के आंकड़े पर बंद हुआ.
सेंसेक्स में सोमवार को 4.8 प्रतिशत की गिरावट आई है, निफ़्टी में भी पाँच प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है.
बाज़ार खुलने के पाँच मिनट के भीतर ही सेंसेक्स 300 से अधिक अंकों की गिरावट आई और गिरावट कारोबारी दिन के अंत तक जारी रही.
गिरावट
इस गिरावट की चपेट में कई बड़ी कंपनियों के शेयर आए, यहाँ तक कि रिलायंस पावर का आईपीओ भी इससे बच नहीं सका.
सेंसेक्स में शामिल तीस कंपनियों में से सिर्फ़ पाँच कंपनियाँ ही मुनाफ़े के साथ बंद हुईं जबकि 25 बड़ी कंपनियों के शेयर बुरी तरह लुढ़के.
रिलायंस पावर का शेयर 530 रुपए पर सूचीबद्ध हुआ लेकिन उसमें लगातार गिरावट देखी गई है, सोमवार को रिलायंस पावर के शेयरों के कारोबार का पहला दिन था वह 372 रुपए तक जा गिरा.
हालात इतने ख़राब हो गए हैं कि एम्मार लैंड और वोकहार्ट अस्पताल को अपने आईपीओ लाने के बाद वापस लेना पड़ा है.
आज की गिरावट में सबसे ज्यादा प्रभावित तेल-गैस, बैंकिग और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के शेयर हुए.
लेकिन इस गिरावट के बावजूद सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में कोई गिरावट दर्ज नहीं की गई.
हालांकि प्रमुख कारोबारियों ने रिलायंस पावर के शेयरों में गिरावट की वजह दुनिया की अर्थव्यवस्था में होने वाली हलचलों को माना है.