http://www.bbcchindi.com

रविवार, 03 फ़रवरी, 2008 को 22:03 GMT तक के समाचार

माइक्रोसॉफ्ट की योजना से गूगल नाराज़

इंटरनेट सर्च इंजन गूगल ने याहू को खरीदने की माइक्रोसॉफ्ट की योजना की कड़ी आलोचना की है और इसे इंटरनेट के खुलेपन और नित नए प्रयोगों के सिद्धांत के ख़िलाफ बताया है.

गूगल के मुख्य क़ानूनी अधिकारी और कंपनी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डेविड ड्रमंड का कहना था कि अगर माइक्रोसॉफ्ट याहू को खरीद लेता है तो वो भविष्य में इस क्षेत्र में वैसा ही एकाधिपत्य जमाने की कोशिश करेगा जैसा वो कंप्यूटर के क्षेत्र में कर रहा है.

ड्रमंड का कहना था ' माइक्रोसॉफ्ट जिस तरह से याहू को खरीदना चाह रहा है वो इंटरनेट के खुलेपन और निए नए प्रयोगों के सिद्धांत के ख़िलाफ है. '

गूगल की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब माइक्रोसॉफ्ट ने याहू को खरीदने के लिए 45 अरब डॉलर की बोली लगाई है. माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि दोनों कंपनियों के विलय से गूगल को चुनौती दी जा सकेगी.

गूगल इस समय इंटरनेट का सबसे लोकप्रिय सर्च इंजन है और माइक्रोसॉफ्ट के प्रयासों के बावजूद गूगल की लोकप्रियता कम नहीं हुई है.

अमरीका के न्याय विभाग ने कहा है कि वो इस तथ्य पर गौर करेंगे कि याहू को खरीदे जाने के कारण प्रतियोगिता में कमी आएगी या नहीं.