मंगलवार, 15 जनवरी, 2008 को 04:59 GMT तक के समाचार
अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस पावर लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम यानी आईपीओ मंगलवार से बाज़ार में निवेशकों के लिए उपलब्ध हो गया है.
भारतीय पूंजी बाज़ार में यह अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ है.
माना जा रहा है कि रिलायंस पावर के आईपीओ को उम्मीद से कई गुना अधिक आवेदन मिलेगा यानी एक एक शेयर के लिए कई लोग बोली लगाएंगे.
ऐसे में शेयरों के आवंटन के लिए लॉटरी होगी.
आईपीओ के तहत एक शेयर की क़ीमत 405 से 450 के बीच रखी गई है लेकिन खुदरा निवेशकों को प्रति शेयर 20 रुपए की छूट दी जाएगी.
खुदरा निवेशक अधिकतम एक लाख रुपए का निवेश कर सकते हैं यानी 225 शेयर के लिए बोली लगा सकते हैं.
आईपीओ 15 से 18 जनवरी तक खुला है और इसके ज़रिए कंपनी साढ़े 11 हज़ार करोड़ रुपए उगाहने की योजना में है.
आईपीओ की खरीदारी के बाद कंपनी शेयर मार्केट में सूचीबद्ध होगी जिसके बाद लोगों को शेयर आवंटित किए जाएंगे.
रिलायंस पावर कंपनी मूल रुप से रिलायंस के ऊर्जा इकाई की कंपनी है जो बिजली उत्पादन, प्रबंधन, आपूर्ति इत्यादि का काम देखेगी.
विश्लेषकों का कहना है कि इन शेयरों से फिलहाल बहुत अधिक रिटर्न मिलने की उम्मीद नहीं है लेकिन चूंकि ये बड़े घराने से संबंधित है इसलिए लोग इसके शेयर खरीद रहे हैं क्योंकि इसके डूबने की उम्मीद कम है.
पिछले कुछ समय में ऊर्जा क्षेत्र में काफी उछाल आया है और भारत की ऊर्जा ज़रुरतों को देखते हुए इस क्षेत्र की सारी कंपनियां बेहतर प्रदर्शन भी कर रही हैं.