http://www.bbcchindi.com

सेंसेक्स ने 21 हज़ार का आँकड़ा पार किया

भारतीय शेयर बाज़ारों में ज़बर्दस्त ख़रीदारी के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सूचकांक मंगलवार को एक समय 21 हज़ार के पार पहुँच गया.

माना जा रहा है कि विदेशी निवेशकों और घरेलू म्युचुअल फ़ंडों की ओर से ख़रीदारी के कारण सूचकांक में 264 अंकों का उछाल आया और ये 21,077 के स्तर पर पहुँच गया.

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ़्टी लगभग 48 अंक उछलकर 6327 के स्तर पर पहुँच गया.

हालाँकि इसके कुछ समय बाद बाज़ार में हल्की गिरावट आई और सूचकांक गिरकर 20950 के स्तर पर पहुँच गया.

अब बीएसई हॉंगकॉंग और मैक्सिको जैसे देशों की चुनिंदा श्रेणी में शामिल है जहाँ सूचकांक बीस हज़ार के ऊपर कारोबार कर रहा है.

15 अक्तूबर को सेंसेक्स ने 19 हज़ार का आँकड़ा पार किया था लेकिन उसके बाद विदेशी निवेशकों से संबंधित पार्टिशिपेटरी नोट्स के मामले को लेकर बाज़ार में भ्रम पैदा हुआ और सूचकांक तेज़ी की ओर से नीचे आया था.

लेकिन जैसे ही भारतीय शेयर बाज़ारों की नियामक संस्था सेबी ने पी-नोट्स से संबंधित नियमों को स्पष्ट किया, विदेशी निवेशकों की ओर से ख़रीदारी फिर शुरू हो गई.