http://www.bbcchindi.com

चिदंबरम ने बजट प्रक्रिया की शुरुआत की

केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम सोमवार से बजट के संबंध में सलाह मशविरा शुरू कर रहे हैं.

सबसे पहले उन्होंने कृषि क्षेत्र के लोगों को सलाह के लिए आमंत्रित किया है.

दरअसल बजट पर वित्त मंत्रालय की नियमित बैठकों में वित्त सचिव, राजस्व सचिव, व्यय सचिव, बैंकिंग सचिव, संयुक्त सचिव (बजट) के अलावा केंद्रीय सीमा एवं उत्पाद शुल्क बोर्ड के अध्यक्ष हिस्सा लेते हैं.

वित्तमंत्री को बजट पर मिलने वाले योजनाओं और व्ययों के सुझाव वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग को भेज दिए जाते हैं जबकि टैक्स से जुड़े सारे सुझाव वित्त मंत्रालय की टैक्स रिसर्च यूनिट (टीआरयू) को भेजे जाते हैं.

इस यूनिट का प्रमुख एक संयुक्त सचिव स्तर का अधिकारी होता है जो प्रस्तावों और सुझावों के अध्ययन के बाद यह यूनिट कोर ग्रुप को अपनी सिफ़ारिशें भेजती है.

पूरा बजट निर्माण प्रक्रिया के समन्वय का काम वित्त मंत्रालय का संयुक्त सचिव स्तर का एक अधिकारी करता है.

बजट के निर्माण से लेकर बैठकों के समय तय करने और बजट की छपाई तक सारे कार्य इसी अधिकारी के जरिए होते हैं.