सोमवार, 31 दिसंबर, 2007 को 12:08 GMT तक के समाचार
बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद के पहले कारोबारी दिन सोमवार को कराची स्टॉक एक्सचेंज का सौ शेयरों वाला सूचकांक 4.7 फ़ीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ.
राष्ट्रीय शोक को देखते हुए एक्सचेंज को पिछले बृहस्पतिवार से तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया था.
सोमवार को केएसई-100 का 695 अंक गिरकर 14077 पर बंद हुआ.
कारोबारियों का कहना है कि अगर राजनीतिक पार्टियों के बीच आठ जनवरी को चुनाव करवाने पर सहमति हो जाती है तो गिरावट का दौर थम सकता है.
पाकिस्तान की मुद्रा भी गिर कर 61.85 रुपये प्रति डॉलर हो गई है जो अक्टूबर 2001 के बाद अपने सबसे कमज़ोर स्तर को दर्शाती है.
संभलता रहा है केएसई-100
ज़फ़र मोती कैपिटल सिक्योरिटीज़ के नबील ज़फ़र कहते हैं, “यह ऐतिहासिक गिरावट है और यह पूरे देश में चल रही उठापटक और अस्थिर हालात की झलक देती है.”
वे कहते हैं, “जब देश के राजनीतिक नेता की हत्या हुई हो और उसके बाद फ़साद भी हों तब कौन बाज़ार में पैसा लगाएगा ?”
सोमवार की इस गिरावट से पहले केएसई-100 में 2007 में ही क़रीब 47 फ़ीसद की बढ़त दर्ज की गई थी.
कराची स्टॉक एक्सचेंज बेनज़ीर की हत्या से पहले ही बृहस्पतिवार को बंद थी लेकिन दुनिया के बाकी स्टॉक बाज़ारों में न्यूयॉर्क के डाओ जोन्स सूचकांक में 192 अंकों की गिरावट के कारण मंदी का माहौल था.
कराची के स्टॉक बाज़ार अपने इतिहास में राजनीतिक उठापटक के बाद पुन: संभलता रहा है.
जब तीन नवम्बर को पाकिस्तान में आपातकाल की घोषणा हुई थी तब बाज़ार करीब दस फ़ीसदी गिरा था लेकिन इसने जल्द ही अपने ज़्यादातर
सभी नुकसानों को पूरा कर लिया था.