रविवार, 11 नवंबर, 2007 को 23:16 GMT तक के समाचार
मलेशियाई कार निर्माता कंपनी प्रोटोन ने एक नई कार बाज़ार में उतारने की घोषणा की है जिस पर लगा कम्पास हमेशा मक्का की दिशा बताएगा.
कंपनी का कहना है कि कार के निर्माण के लिए वह ईरान और तुर्की की कंपनियों के साथ साझीदारी करने की सोच रही है.
प्रोटोन के मुताबिक यह कार विशेष तौर पर मुसलमानों को ध्यान में रख कर तैयार की गई है.
इसमें एक कम्पास लगा होगा जिसकी दिशा हमेशा मक्का की ओर होगी और कार में क़ुरान और हिजाब रखने के लिए अलग से जगह बनी होगी.
मलेशिया के नेताओं और कारोबारियों का एक प्रतिनिधिमंडल जब हाल ही में मध्य-पूर्व की यात्रा पर था तभी उन्हें ये विचार काफी पसंद आया.
मलेशियाई मीडिया के मुताबिक सबसे पहले ईरान के अधिकारियों ने इस तरह की योजना सुझाई थी.
अकसर कंपनियाँ सुरक्षा मानकों और इंधन की ख़पत को ध्यान में रख कर नया उत्पाद बाज़ार में लाती हैं लेकिन प्रोटोन की योजना कुछ और ही है.
कंपनी का मानना है कि दुनिया भर के मुसलमानों को ध्यान में रख कर अगर कार बनाई जाए तो बाज़ार में इसकी माँग बढ़ेगी.
प्रोटोन मलेशिया की प्रमुख कार कंपनी है लेकिन हाल ही में वहाँ की सरकार ने विदेशी कारें आयात करने के नियमों में ढील दी है जिससे कंपनी दबाव में है.