http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 25 अक्तूबर, 2007 को 16:31 GMT तक के समाचार

फ़ेसबुक में माइक्रोसॉफ़्ट की हिस्सेदारी

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल नेटवर्किंग की लोकप्रिय इंटरनेट साइट ‘फ़ेसबुक’ में 1.6 फ़ीसदी हिस्सेदारी 24 करोड़ डॉलर में खरीद ली है.

कई हफ्तों की लंबी बातचीत के बाद दोनों कंपनियों के बीच समझौते पर आम सहमति बन पाई, इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट की प्रतिद्वंदी कंपनी गूगल भी इस साइट में भागीदारी की इच्छुक थी लेकिन फ़ेसबुक ने गूगल के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था.

फ़ेसबुक के लगभग पाँच करोड़ रजिस्टर्ड यूज़र्स हैं और उनकी तादाद तेज़ी से बढ़ रही है.

ख़ासियत

फ़ेसबुक को शुरू हुए अभी सिर्फ़ साढ़े तीन वर्ष हुए हैं और कंपनी की क़ीमत 15 अरब डॉलर तक पहुँच गई है जो अपने आप में चौंकाने वाली बात है.

फ़ेसबुक में माइक्रोसॉफ़्ट की दिलचस्पी की सबसे बड़ी वजह इसे इस्तेमाल करने वालों की तेज़ी से बढ़ती संख्या है, हर रोज़ दो लाख से अधिक लोग फेसबुक पर अपना खाता खोलते हैं.

फ़ेसबुक का इस्तेमाल करने वाले औसतन महीने में साढ़े तीन घंटे इस साइट पर बिताते हैं जो ऑर्कुट, माइस्पेस जैसे उसके प्रतिद्वंद्वियों के मुक़ाबले कहीं ज्यादा है.

फ़ेसबुक की सबसे ख़ास बात ये है कि यह टेक्निकल लोगों और आम उपभोक्ताओं के बीच एक जैसा लोकप्रिय है.

फ़ेसबुक के उपभोक्ता पूरी दुनिया में फैले हुए हैं इसलिए माइक्रोसॉफ्ट को अपना आधार मज़बूत करने में मदद मिलेगी.