http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 25 अगस्त, 2007 को 05:01 GMT तक के समाचार

टाटा की नज़र दो ब्रितानी कार ब्रांडों पर

टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा ने इस बात की पुष्टि की है कि उनकी कंपनी ब्रिटेन के दो चर्चित कार ब्रांडों लैंड रोवर और जगुआर को ख़रीदने की इच्छुक है.

लैंड रोवर और जगुआर का निर्माण वाहन निर्माता कंपनी फ़ोर्ड करती है. इससे पहले भी ख़बरें आईं थीं कि टाटा की नज़र इन दोनों ब्रांडों पर हैं लेकिन तब कंपनी ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था.

रतन टाटा ने एक भारतीय टीवी चैनल से कहा है कि कारोबार विस्तार के मद्देनज़र टाटा दोनों ब्रांडों को ख़रीदना चाहता है.

फ़ोर्ड ने भी कहा है कि इस बात की 50 फ़ीसदी संभावना है कि वो इन ब्रांडों को बेच देगा.

फिलहाल टाटा समूह की कार बनाने वाली इकाई टाटा मोटर्स के कारों की 90 फ़ीसदी बिक्री भारत में ही होती है.

रतन टाटा ने कहा है कि सिर्फ़ एक बाज़ार पर ध्यान केंद्रित करने के बजाए वो इसका दायरा बढ़ाना चाहते हैं.

उधर फ़ोर्ड का कहना है कि जगुआर और लैंड रोवर ख़रीदने के लिए कई कंपनियाँ आगे आई हैं.

फ़ोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मुलाली ने कुछ दिनों पहले कहा था कि दुनिया भर के शेयर बाज़ारों में आई सुस्ती के कारण दोनों ब्रांडों की बिक्री में देरी हो रही है.