http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 30 मई, 2007 को 03:03 GMT तक के समाचार

ज़ोएलिक होंगे विश्व बैंक के अगले अध्यक्ष

एक वरिष्ठ अमरीकी अधिकारी ने कहा है कि राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने विश्व बैंक के अगले अध्यक्ष पद के लिए रॉबर्ट ज़ोएलिक का चयन किया है.

अधिकारी का कहना है कि बुश बुधवार को इस फ़ैसले की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं.

ज़ोएलिक अमरीका के अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रतिनिधि और उप विदेशमंत्री रह चुके हैं.

वह पॉल वुल्फ़ोवित्ज़ का स्थान लेंगे. वुल्फ़ोवित्ज़ पर पद का दुरुपयोग करते हुए अपनी प्रेमिका को लाभ पहुँचाने का आरोप लगा था और उन्हें इस्तीफ़ा देना पड़ा. हालाँकि वो जून के अंत तक अध्यक्ष बने रहेंगे.

बुश के पहले व्यापार प्रतिनिधि के नाते ज़ोएलिक ने विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की दोहा दौर की वार्ता को आगे बढ़ाने में मुख्य भूमिका निभाई थी.

बाद में उप विदेशमंत्री रहते हुए उन्होंने सूडान में विद्रोही नेताओं के साथ शांति समझौता कराने में मध्यस्थता की थी.

वाशिंगटन स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ज़ोएलिक में विश्व बैंक की ज़िम्मेदारी संभालने लायक क्षमता है.

वुल्फ़ोवित्ज़ की तुलना में वो विवादास्पद नहीं रहे हैं और ख़ास बात ये है कि उनकी गिनती इराक़ युद्ध की योजना बनाने वालों में नहीं की जाती है.