http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 08 मई, 2007 को 16:47 GMT तक के समाचार

सलमान रावी
बीबीसी संवाददाता

राँची में रिलायंस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

झारखंड की राजधानी राँची में खुदरा सब्ज़ी विक्रेताओं ने रिलायंस की फलों और सब्ज़ियों की दुकान रिलायंस फ्रेश के विरोध में प्रदर्शन किया है.

सब्ज़ी विक्रेताओं का कहना है कि राँची में एयरकंडीशंड रिलायंस फ्रेश के खुलने के बाद से उनकी बिक्री बुरी तरह प्रभावित हुई है.

रिलायंस फ्रेश के विरोध में राँची और आसपास की सभी सब्ज़ी मंडियाँ मंगलवार को बंद रहीं.

इस प्रदर्शन में सब्ज़ी विक्रेताओं के अलावा छोटे किसान भी थे जो अपनी सब्ज़ियाँ सड़क के किनारे बैठकर खुद बेचते हैं.

एक सब्ज़ी विक्रेता का कहना था, "रिलायंस आज सस्ते दामों में सब्ज़ी बेच रही है लेकिन वह ग़रीबों के पेट पर लात मार रही है, उनकी पॉलिसी ही है ग़रीबों को बर्बाद करने की, हमारे नहीं रहने के बाद वे अपनी मनमानी कर सकते हैं."

एक नाराज़ प्रदर्शनकारी ने कहा, "भारत का सबसे बड़ा पूंजीपति आज गरीब लोगों की रोज़ी छीन रहा है, ये कहाँ का इंसाफ़ है."

रिलायंस की दुकानों में सब्जि़यों की क़ीमत फुटपाथ पर बिकने वाली सब्ज़ियों से कम है, यही वजह है कि इन दुकानों में लोगों की भारी भीड़ देखी जा सकती है.

नाराज़ प्रदर्शनकारियों ने सरकार को एक ज्ञापन दिया है जिसमें रिलायंस फ्रेश में सब्ज़ी की बिक्री रोकने की माँग की गई है लेकिन कोई ऐसा क़ानून नहीं है जिसके तहत ऐसी माँग की जा सके.

प्रदर्शन के बारे में रिलायंस ने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार किया है.

रिलायंस ने देश भर खुदरा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विस्तार की योजना बनाई है जिसके तहत राँची में तीन दुकानें खोली गई हैं.

इससे पहले रिलायंस ने दिल्ली और हैदराबाद जैसे शहरों में भी कई दुकानें खोली हैं.