http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 16 अप्रैल, 2007 को 08:02 GMT तक के समाचार

एस्सार एल्गोमा का अधिग्रहण करेगा

भारत के एस्सार समूह ने घोषणा की है कि उसने कनाडा के स्टील निर्माता एल्गोमा के अधिग्रहण के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.

एस्सार का कहना है कि यह सौदा 1.58 अरब डॉलर में हुआ है.

एल्गोमा और एस्सार की ओर से जारी एक संयुक्त बयान में एस्सार ग्लोबल के चेयरमैन शशि रुइया ने कहा,'' एल्गोमा से हमें कनाडा और उत्तरी अमरीका के बाज़ार के लिए अच्छा आधार मिल सकेगा.''

इस सौदे के लिए एस्सार को एल्गोमा के कम से कम 66 फ़ीसदी शेयरधारियों का समर्थन हासिल करना होगा.

एल्गोमा के चेयरमैन बैंजामिन डस्टर ने कहा,'' निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से एस्सार के प्रस्ताव का समर्थन कर दिया है.''

एल्गोमा स्टील एकीकृत इस्पात उत्पादन इकाई है और उसने 2006 में 24 लाख टन इस्पात का उत्पादन किया था.

वह विशेष श्रेणी का इस्पात तैयार करती है जिसके ग्राहक फोर्ड और जनरल मोटर्स जैसी कंपनियाँ हैं.

दूसरी ओर एस्सार ग्लोबल इस्पात, तेल, संचार क्षेत्र, शिपिंग और निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय है.

इस साल की शुरुआत में टाटा स्टील ने यूरोपीय स्टील कंपनी कोरस का अधिग्रहण कर लिया था.

कोरस के साथ मिलकर टाटा अब दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी कंपनी हो गई है और दुनिया की पांच शीर्ष स्टील कंपनियों में दो कंपनियां भारतीयों से जुड़ गई हैं. पहले नंबर पर आर्सलर मित्तल है.