गुरुवार, 12 अप्रैल, 2007 को 23:20 GMT तक के समाचार
विश्व व्यापार संगठन के सदस्य देशों की दिल्ली में हुई बैठक में कहा गया है कि वे इस वर्ष के अंत तक दोहा वार्ताओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
विश्व व्यापार वार्ताओं को दोबारा शुरु करने के उद्देश्य से दिल्ली में गुरुवार को भारत, अमरीका, यूरोपीय संघ, ब्राज़ील, ऑस्ट्रेलिया और जापान के व्यापार मंत्रियों की बातचीत हुई.
वार्ता के बाद मंत्रियों ने कहा कि बातचीत के इस दौर से आगे के लिए कुछ प्रगति हुई है.
इससे पहले बुधवार को भारत, अमरीका, यूरोपीय संघ और ब्राज़ील ने अलग-अलग द्विपक्षीय बातचीत की थीं.
ग़ौरतलब है कि कृषि क्षेत्र पर असहमतियों के चलते पिछले वर्ष विश्व व्यापार संगठन के दोहा दौर की वार्ताएं रुक गई थी.
अब यह कोशिश की जा रही है कि किसी तरह दोहा व्यापार वार्ताओं को फिर से शुरु किया जाए. दिल्ली में की गई बैठक इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल समझी जा रही थी.
दोहा का दर्द
वैश्विक व्यापार के संदर्भ में दोहा वार्ताओं का दौर तो पिछले पांच वर्षों से चल रहा है लेकिन इसमें अभी तक कोई बड़ी सार्थक उपलब्धि सामने नहीं आई है.
प्रकट रूप से दिल्ली की बैठकों से कुछ बहुत मज़बूत बात निकलकर सामने नहीं आई है.
इस संदर्भ में जानकार पहले ही कह रहे थे कि दिल्ली में हो रही इन वार्ताओं से बहुत अधिक उम्मीद नहीं की जा सकती है.
हालांकि इसके बावजूद लोगों की नज़रें इन वार्ताओं पर थीं क्योंकि दोहा वार्ताओं की विफलता पूरे विश्व व्यापार को प्रभावित करने वाली हैं.