सोमवार, 05 मार्च, 2007 को 05:56 GMT तक के समाचार
एशिया के विभिन्न बाज़ारों में गिरावट का असर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज पर भी सोमवार को दिखा.
बाज़ार खुलते ही आधे घंटे में सेंसेक्स 541 अंक गिरा और दिन का कारोबार ख़त्म होते-होते ये 471 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ.
दुनिया भर में पिछले कुछ दिनों में स्टॉक मार्केट में तेज़ी से गिरावट आई है और इसका असर अब भारतीय बाज़ारों पर भी दिखने लगा है.
मुंबई स्टॉक एक्सचेंज सोमवार को एक समय करीब चार प्रतिशत गिरकर 12,344 से नीचे चला गया था जो कि पिछले पांच महीनों में सबसे कम है.
मुंबई स्टॉक एक्सचेंज के साथ ही निफ्टी में भी गिरावट दर्ज़ की गई.
शेयर दलालों का कहना है कि पिछले दिनों अमरीका के शेयर मार्केटों में आई गिरावट का असर अब धीरे धीरे एशिया के बाज़ारों पर भी पड़ रहा है.
अन्य बाज़ार
उधर जापान के निक्कई में जून के बाद से सबसे खराब दिन रहा. चीन में शंघाई में शेयर बाज़ार में 3.5 फ़ीसदी की गिरावट आई, जबकि ताइवान में 3.7 फ़ीसदी.
ब्रिटेन का फ़ूट्सी 100 में भी अब तक 1.9 फ़ीसदी की गिरावट देखी जा रही है.
शेयर बाज़ार के लुड़कने का का दौर पिछले हफ़्ते चीन के शेयर बाज़ार में आई ज़बरदस्त गिरावट के बाद शुरु हुआ.
इससे अमरीकी अर्थव्यवस्था में आशंका का माहौल बन गया.