http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 28 फ़रवरी, 2007 को 00:10 GMT तक के समाचार

चीनी शेयर बाज़ार का असर दुनिया पर

चीन के शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में मंगलवार को आई ज़बर्दस्त गिरावट का प्रभाव दुनिया भर के स्टॉक मार्केट पर पड़ रहा है और अमरीकी सरकार ने कहा है कि वो इस स्थिति पर नज़र रखे हुए है.

शंघाई स्टॉक एकस्चेंज में मंगलवार को आई गिरावट का लंदन के फ़ुट्सी और अमरीका के डाउ जोंस पर भी प्रभाव पड़ा और ये बहुत कम अंकों पर बंद हुई है.

ताज़ा जानकारी के मुताबिक लंदन की स्टॉक मार्किट में बुधवार सुबह प्रारंभिक व्यापार में लगभग सौ अंकों की गिरावट आई है.

ऑस्ट्रेलिया में जब सुबह स्टॉक मार्किट खुली तो शेयरों में तीन प्रतिशत की गिरावट दर्ज़ की गई.

वाशिंगटन में व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने कहा है कि राष्ट्रपति के आर्थिक सलाहकार इस पर नज़र रखे हुए हैं और अमरीकी अर्थव्यवस्था पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.

ग्यारह सितंबर जैसी गिरावट

मंगलवार को अमरीका के न्यूयॉर्क के डाउ जोंस सूचकाँक में तीन प्रतिशत की गिरावट देखी गई. ग्यारह सितंबर 2001 के हमलों में बाद डाउ जोंस में पहली बार इतनी गिरावट पाई गई है.

इससे पहले यूरोप और एशिया के बाज़ारों को इससे काफ़ी नुकसान हुआ है.

पिछले कुछ वर्षों में चीन का तेज़ी से आर्थिक विकास हुआ है और सरकार ने अपने कई महत्वपूर्ण कंपनियों के शेयर बेचे हैं.

हालांकि अब चीन की सरकार इस वृद्धि पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रही है और कई निवेशकों को डर है कि इसका अर्थ कड़े नियम लगाना होगा जिसका प्रभाव स्टॉक मार्केट में होने वाले निवेश पर पड़ सकता है.

निवेशकों को चिंता है कि आने वाले दिनों में चीन में ब्याज़ दरें भी बढ़ाई जाएंगी ताकि क़ीमतों में बढ़ोतरी को रोका जा सके और इसका नुकसान उन कंपनियों को होगा जिन्होंने चीन में काफी निवेश किया है.