गुरुवार, 25 जनवरी, 2007 को 16:13 GMT तक के समाचार
अमरीका की कार बनाने वाली कंपनी फ़ोर्ड को पिछले वर्ष 12.7 अरब डॉलर का नुक़सान हुआ है. कंपनी के 103 साल के इतिहास में यह सबसे बड़ा नुक़सान है.
इतने बड़े नुक़सान की भरपाई करने के लिए कंपनी ने उत्तरी अमरीका में अपनी 16 फ़ैक्टरियों को बंद करने और 45 हज़ार नौकरियों में कटौती करने की योजना बनाई है.
पिछले साल के आख़िरी तीन महीनों में तो कंपनी को 5.8 अरब डॉलर का नुक़सान हुआ. कारण था बिक्री में भारी गिरावट और कंपनी के ढाँचे में परिवर्तन का भारी ख़र्च.
अमरीका की इस कंपनी को जापान की कई कार निर्माता कंपनियों ख़ासकर टोयोटा से बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है.
आकलन
आकलन ये है कि इस साल जापानी कंपनी टोयोटा अमरीकी बाज़ार में फ़ोर्ड को पीछे छोड़ देगी. फ़ोर्ड अमरीका की दूसरी बड़ी और दुनिया की तीसरी बड़ी कार बनाने वाली कंपनी है.
वर्ष 2006 से पहले फ़ोर्ड को सबसे बड़ा नुक़सान वर्ष 1992 में हुआ था, जब कंपनी को 7.39 अरब डॉलर की वार्षिक चपत लगी थी.
लेकिन अब रिकॉर्ड घाटे के बावजूद फ़ोर्ड का कहना है कि वह वर्ष 2009 तक लाभ में आ जाएगी. फ़ोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलेन मुलाली ने कहा, "हम अपनी व्यापारिक ज़रूरतों को समझते हैं और इससे निपटने की कोशिश कर रहे हैं."
उन्होंने बताया कि कंपनी एक योजना के तहत काम कर रही है और जल्द ही इसका लाभ दिखेगा. एलेन मुलाली के मुताबिक़ कंपनी ने पिछले साल ही योजना पर काम करना शुरू किया है.
पिछले साल फ़ायदे के लिए फ़ोर्ड ने ट्रक, छोटे वाहन और स्पोर्ट्स गाड़ियों में ज़्यादा पैसा लगाया था लेकिन तेल की क़ीमतों में बढ़ोत्तरी के कारण उसे इसका लाभ नहीं मिल सका.